Karnataka Crime News: कर्नाटक के बेलगावी जिले से घरेलू हिंसा का एक हैरान करने वाला एक मामला सामने आया है, जहां एक पति ने अपनी पत्नी को जिंदा जला दिया. जानकारी के अनुसार, ये विवाद पत्नी के कपड़ों को लेकर शुरू हुआ था, जो इतना भयंकर हो गया कि पति ने पत्नी को जिंदा जला दिया. पुलिस ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी पति पत्नी को केवल साड़ी पहनने के लिए कहता था. उसे अपनी पत्नी का नाइटी पहनना पसंद नहीं था, जिसके कारण दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे. मामला इतना बढ़ गया कि पति ने पत्नी को आग लगा दी.
क्या है पूरा मामला?
बता दें कि ये घटना मंगलवार रात खानापुर तालुका के नंदगड़ में हुई थी. आरोपी की पहचान 34 वर्षीय कृष्णा पाटिल के रूप में हुई है. वहीं पीड़िता की पहचान 32 वर्षीय मंजुला पाटिल के रूप में हुई है. पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार, दोनों पति-पत्नी में अक्सर नाइटड्रेस पहनने को लेकर झगड़ा होता था. घटना वाले दिन भी पत्नी को नाइटड्रेस पहने देख पति नाराज हो गया.
हिंसक हुआ विवाद
पत्नी के नाइटड्रेस पहनने से पति नाराज हो गया. इसके बाद दोनों में जमकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक हो गई. गुस्से में आकर कृष्णा पाटिल ने अपनी पत्नी पर केरोसिन डाल दिया और उसे आग लगा दी. इस घटना में मंजुला पाटिल लगभग 80 फीसदी तक जल गई.
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
आनन-फानन में मंजुला को पहले बेलगावी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (बीआईएमएस) ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत देखते हुए गोवा के एक अस्पताल में रेफर कर दिया गया. वहीं पुलिस ने इस मामले में शिकायत दर्ज कर ली है और जांच शुरू कर दी है. साथ ही आरोपी कृष्णा पाटिल को भी गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है.