Bhopal Crime News: मध्य प्रदेश के भोपाल में एक डॉक्टर को उसकी महिला मित्र ने तगड़ा चूना लगा दिया. डॉक्टर की महिला मित्र आलिया खुद को समाजसेविका बताकर एनजीओ चलाती है. उसने डॉक्टर से मॉर्निंग वॉक के दौरान मुलाकात की. इसके बाद दोनों की बातचीत होने लगी. वहीं आलिया उसके बारे में पर्सनल जानकारी जुटा रही थी. वहीं डॉक्टर अपने हाथों में एक सोने का कड़ा पहनते थे, जिस पर आलिया की नजर थी. इसके बाद आलिया ने एक लंबी-चौड़ी प्लानिंग बनाई और वो कड़ा लूट लिया. उस कड़े की कीमत 17 लाख रुपये थी. वहीं पुलिस कड़े की तलाश कर रही है.
आंखों में मिर्च डालकर फरार आरोपी
जानकारी के अनुसार, 10 अप्रैल की सुबह डॉक्टर मनोज रोज की तरह साइकिलिंग के लिए घर से निकले थे. इसी दौरान किलोल पार्क के पास सुनसान जगह पर कुछ बदमाशों ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वे गिर पड़े. उन्होंने डॉक्टर की आंखों में मिर्च पाउडर डाला और हाथ में पहना हुआ लगभग 11 तोले का कड़ा लेकर फरार हो गए. शुरुआत में पुलिस को ये मामला साधारण लूट का लग रहा था लेकिन इस मामले में जब नया मोड़ आया, तो सब हैरान रह गए.
दो सालों से रेकी कर रही थी आलिया?
पुलिस ने मामले की जांच में पाया कि इस वारदात में डॉक्टर की करीबी महिला मित्र आलिया खान का हाथ है. दो साल पहले दोनों की मुलाकात हुई थी. धीरे-धीरे दोनों में बातचीत होने लगी और एक भरोसे का रिश्ता बन गया और दोनों की काफी अच्छी दोस्ती हो गई. इसी दोस्ती का फायदा उठाकर आलिया ने डॉक्टर के रूटीन और उनकी आदतों के बारे में जानकारी जुटाई. उसने ये भी नोटिस किया कि डॉक्टर हाथ में जो कड़ा पहनते हैं, वो सोने का है.
कैसे प्लानिंग को दिया अंजाम?
इसके बाद आलिया ने अपने साथी अरशान खान के साथ मिलकर लूट की प्लानिंग की. पहले दिन आरोपियों ने डॉक्टर की रेकी की. इससे उनके आने-जाने का समय पता चला. वारदात वाले दिन आरोपी पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने सुनसान जगह पर उन्हें घेर लिया और लूट की वारदात को अंजाम दिया. वहीं घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसके बाद उन्हें आलिया पर शक हुआ. पुलिस ने आलिया को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो उसने पूरा मामला बताया. साथ ही उसने अरशान के बारे में भी जानकारी दी, जिसने इस लूट को अंजाम दिया था.