Dhar Accident News: मध्य प्रदेश के धार जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई. वहीं 13 लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका उपचार जिला अस्पताल में हो रहा है. यह दुर्घटना चिकलिया स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के पास हुई, जब मजदूरों से भरा एक पिकअप वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया.
जानकारी के अनुसार, यह घटना बुधवार रात करीब 8.30 बजे हुई. पिकअप वाहन में क्षमता से अधिक, लगभग 30 से 35 मजदूर सवार थे. वाहन पलटने के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया.
रोड डिवाइडर से टकरा गया था पिकअप
बताया जा रहा है कि अमझेरा की ओर जा रहा एक पिकअप वाहन अचानक असंतुलित हुआ और पलट गया, जिससे उसमें सवार सभी मजदूर नीचे दब गए. तेज रफ्तार पिकअप रोड डिवाइडर से टकरा गया था. एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को धार के जिला अस्पताल पहुंचाया गया.
10 घायलों को इंदौर किया गया रेफर
इस भीषण हादसे में अब तक 12 लोगों की जान जाने की पुष्टि हुई है. दुखद बात यह है कि मृतकों में बच्चे भी शामिल बताए जा रहे हैं. वहीं, कई अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया. कुछ घायलों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है. 10 घायलों को इंदौर रेफर किया गया है.
राहत और बचाव कार्य जारी
फिलहाल सूचना मिलते ही तिरला थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे. राहत एवं बचाव कार्य जारी है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है. अधिकारियों के अनुसार, घायलों की गंभीरता को देखते हुए मृतकों की संख्या बढ़ सकती है. दूसरी तरफ अस्पताल में डॉक्टरों की टीम लगातार घायलों के इलाज में जुटी हुई है.