MP News: रीवा जिले के बैकुंठपुर थाना पुलिस ने संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए एक परिवार को टूटने से बचा लिया. छत्तीसगढ़ से 400 किलोमीटर का सफर तय कर अपने एक माह के मासूम बच्चे को लेकर थाने पहुंची महिला की शिकायत पर पुलिस ने उसके पति की दूसरी शादी रुकवा दी और दोनों के बीच सुलह कराकर परिवार को फिर से एक कर दिया.
जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ के पेंड्रा निवासी सरस्वती मानसी की शादी अप्रैल 2025 में रीवा जिले के सलैया गांव निवासी राहुल तिवारी से हुई थी. शादी के कुछ समय बाद राहुल अपनी पत्नी को पेंड्रा में छोड़कर अपने गांव लौट आया और उससे दूरी बनाने लगा. इस दौरान सरस्वती ने एक पुत्र को जन्म दिया, जो अभी महज एक माह का है.
बीमारी का बहाना बनाकर गुमराह करने की कोशिश
पीड़िता को सूचना मिली कि उसका पति सेमरिया क्षेत्र के एक गांव में दूसरी शादी करने जा रहा है. जब उसने राहुल से वीडियो कॉल पर बात की, तो उसने बीमारी का बहाना बनाकर उसे गुमराह करने की कोशिश की. सच्चाई का पता चलते ही सरस्वती अपने नवजात शिशु को लेकर सीधे बैकुंठपुर थाने पहुंची और न्याय की गुहार लगाई.
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी श्रृंगेर सिंह राजपूत ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर तत्काल कार्रवाई की. पुलिस ने राहुल तिवारी को थाने बुलाया और पत्नी व बच्चे के साथ आमने-सामने बैठाकर काउंसलिंग की.
परिवार के दबाव में करने जा रहा था दूसरी शादी
पूछताछ में राहुल ने स्वीकार किया कि वह परिवार के दबाव में दूसरी शादी करने जा रहा था. पुलिस की समझाइश और कानूनी पहल के बाद उसने अपनी गलती मानी और लिखित रूप से आश्वासन दिया कि वह अपनी पत्नी और बच्चे को सम्मानपूर्वक अपने साथ रखेगा.
दोनों पक्षों की सहमति से समझौतानामा तैयार कराया गया, जिसके बाद परिवार को सकुशल घर रवाना कर दिया गया. पुलिस की इस मानवीय पहल की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है.
Disclaimer: The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.