Raja Raghuvanshi Murder Case: मध्य प्रदेश के इंदौर के चर्चित राजा रघुवंशी मर्डर केस को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है. राजा रघुवंशी हत्याकांड की आरोपी सोनम रघुवंशी को जमानत मिल गई है. इसकी पुष्टि राजा के बड़े भाई विपिन रघुवंशी ने की है. शिलांग कोर्ट से सोनम को जमानत मिली है. सोनम रघुवंशी को जमानत मिलने से राजा रघुवंशी के परिवार में मायूसी छा गई है.
राजा रघुवंशी हत्याकांड में मुख्य आरोपी सोनम मेघायल की शिलांग जेल में बंद थी. पुलिस ने सोनम सहित कुल 8 लोगों को गिरफ्तार किया था. इस मामले में तीन लोगों को पहले ही जमानत मिल चुकी है. अब सोनम को भी जमानत मिल गई है, जिसके बाद वह जेल से बाहर आ जाएगी.
हनीमून पर हो गई थी राजा रघुवंशी की हत्या
राजा रघुवंशी अपनी पत्नी सोनम के साथ हनीमून मनाने गए थे, लेकिन वहां उनकी हत्या हो गई थी. आरोप है कि हनीमून के दौरान सोनम ने प्रेमी राज कुशवाहा के साथ मिलकर पति राजा की हत्या कर दी थी.
बता दें कि राजा रघुवंशी और उनकी पत्नी सोनम रघुवंशी पिछले साल 23 मई को मेघालय के पूर्वी खासी हिल्स जिले के सोहरा (चेरापूंजी) में नोंग्रियाट गांव में एक होमस्टे से चेक आउट करने के कुछ घंटों बाद लापता हो गए थे. बाद में राजा रघुवंशी का शव बरामद किया गया था.
2 जून को खाई से मिला था राजा का शव
गौरतलब है कि सोनम और राजा की शादी 11 मई 2025 को इंदौर में हुई थी. इसके बाद 20 मई को हनीमून के लिए दोनों गुवाहाटी होते हुए मेघालय पहुंचे थे. राजा का शव 2 जून को एक खाई से बरामद किया गया था.
गाजीपुर में सोनम ने पुलिस के सामने किया था आत्मसमर्पण
इसके बाद मामले में जांच आगे बढ़ी तो शक की सुई सोनम की तरफ घूमी. इस बीच सोनम ने यूपी के गाजीपुर में पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया. पुलिस की जांच में खुलासा हुआ है कि इस घटना के पीछे सोनम मास्टरमाइंड थी.
जांच में पता चला था कि सोनम के राज कुशवाहा के साथ संबंध थे. दोनों ने भाड़े के तीन हमलावरों के साथ मिलकर हनीमून के बहाने रघुवंशी की हत्या की साजिश रची थी. पुलिस ने बताया कि हत्या आकाश सिंह राजपूत, विशाल सिंह चौहान और आनंद कुर्मी ने सोनम की मौजूदगी में घाटी में की थी.