वो कहते हैं न, बुरा वक्त और बीमारी बिना किसी संदेश के चले आते हैं. इस कहावत से हूबहू मेल खाती एक हृदयविदारक घटना एमपी के रीठी रेलवे स्टेशन से सामने आई है, जहां एक पति अपनी जिंदगी की जंग लड़ रहा था, अस्पताल जाने के लिए ट्रेन के इंतजार में भी था. साथ में पत्नी भी ट्रेन की राह देख रही थी. इधर ट्रेन तो नहीं आई, लेकिन बुजुर्ग व्यक्ति की सांसे थम स्टेशन पर हमेशा के लिए थम गईं. इस घटना एक वीडियो भी जारी हुआ है, जिसे देख लोग भावुक हो रहे हैं.
क्या है पूरा मामला?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, परेवागार गांव निवासी बुजुर्ग शालीन साह पिछले कई दिनों से बीमार चल रहे थे. उनकी तबीयत बिगड़ने पर उनकी पत्नी उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जा रही थीं. दोनों रीठी रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां उन्हें ट्रेन का इंतजार था.
इसी दौरान ट्रेन आने से पहले ही शालीन साह की तबीयत अचानक ज्यादा बिगड़ गई. पत्नी कुछ समझ पातीं, उससे पहले ही उन्होंने स्टेशन परिसर में अंतिम सांस ले ली.
शव को देख रोती रही
पति को यूं शरीर छोड़ते देख पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. वह स्टेशन पर शव के पास बैठी रही और सहायता के लिए लोगों से गुहार लगाती रही. यह मार्मिक दृश्य देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं.
इस घटना की सूचना मिलते ही रीठी थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की और बाद में शव परिजनों को सौंप दिया.
ये घटना शायद आपको भावुक करे या न करें, लेकिन ये सोचने पर मजबूर कर सकती है कि आज भी हमारे ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य सुविधाएं और परिवहन का हाल कितना चुनौतीपूर्ण है. एक गरीब और असहाय का अस्पताल पहुंचना तो और भी मुश्किल हो जाता है.
Disclaimer: The article is a part of a syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for the accuracy of the facts.