Sriganganagar Railway Blast: राजस्थान के श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रैक पर हुए बम धमाके की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं. अब इस मामले में गिरफ्तार महकदीप कौर और उसके साथी देवेंद्र सिंह का धमाके से पहले का एक वीडियो सामने आया है. बताया जा रहा है कि यह वीडियो ब्लास्ट से पहले का है. इसके सामने आने के बाद मामले ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है. सुरक्षा एजेंसियां अब आरोपियों की गतिविधियों और उनके संपर्कों की कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं.
ब्लास्ट से पहले श्रीगंगानगर पहुंचे थे आरोपी
जांच एजेंसियों के मुताबिक, रेलवे ट्रैक पर धमाका करने से पहले दोनों आरोपियों ने कई बार श्रीगंगानगर पहुंचकर इलाके की रेकी की थी. बताया जाता है कि वे पहली बार 6 अक्टूबर को यहां आए थे. इसके बाद 12 और 13 अक्टूबर को भी उनकी आवाजाही हुई. हालांकि, शुरुआती कोशिशों में वे अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके. आखिरकार 3 नवंबर की रात करीब 9:45 बजे रामसिंहपुर इलाके में 50 जीबी के पास रेलवे ट्रैक पर धमाका हुआ. इस विस्फोट से रेलवे लाइन के दो स्लीपर क्षतिग्रस्त हो गए थे.
राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में 3 नवंबर 2026 को अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे लाइन पर हुए बम ब्लास्ट के मामले में गिरफ्तार महकदीप कौर और उसके साथी देवेंद्र सिंह का ब्लास्ट से पहले का वीडियो सामने आया है। https://t.co/yQFiQuxP2s
— ReporteR Sahab (@ReporterSahab) November 17, 2026
पाकिस्तानी एजेंट से जुड़ा कनेक्शन
मामले की जांच में कथित तौर पर पाकिस्तान में बैठे शाह नाम के एजेंट का कनेक्शन सामने आया है. राजस्थान एटीएस ने पंजाब पुलिस की मदद से गुरदासपुर में कार्रवाई करते हुए महकदीप कौर और उसके साथी देवेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया. जांच एजेंसियों का आरोप है कि पाकिस्तानी एजेंट ने महकदीप के जरिए रेलवे ट्रैक पर धमाका करवाने की साजिश रची थी.
निशानदेही पर मिले दो और बम
जांच के दौरान एक और अहम जानकारी सामने आई. पुलिस दोनों आरोपियों को रामसिंहपुर रेलवे स्टेशन के पास लेकर पहुंची, जहां उनकी निशानदेही पर दो और बम मिलने की बात सामने आई. इनमें से एक बम सक्रिय हालत में था. वहीं दूसरा डिफ्यूज बताया गया। मौके पर सुरक्षा एजेंसियों ने जांच की और बमों को लेकर जरूरी कार्रवाई की.
हथियार और नकदी भी बरामद
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से दो हथियार और 46 कारतूस बरामद किए गए हैं. जांच में यह भी सामने आया कि धमाके के लिए महकदीप को कथित तौर पर 46 हजार रुपये दिए गए थे. गिरफ्तारी के समय उसके पास से 30 हजार रुपये मिलने की जानकारी भी सामने आई थी. फिलहाल राजस्थान एटीएस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां पूरे नेटवर्क की जांच कर रही हैं.
ये भी पढ़ें: Crime: सगे भतीजे के साथ अवैध संबंध, भतीजियों ने अपनी ही बुआ किया मर्डर; हैरान कर देगी ये प्रेम कहानी