Watch Video: उत्तर प्रदेश के आगरा में एक प्रदर्शन के दौरान ऐसा वाकया सामने आया है, जिसने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच लिया है. अपनी मांगों को लेकर सड़क पर उतरे प्रदर्शनकारियों के बीच पहुंचीं ACP अमीषा सिंह उस समय नाराज हो गईं, जब एक प्रदर्शनकारी ने उन्हें ‘बहनजी’ कहकर संबोधित कर दिया. इस पर महिला पुलिस अधिकारी ने तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ‘बहनजी नहीं हूं मैं.’ अब इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
प्रदर्शनकारियों के बीच पहुंचीं ACP अमीषा सिंह
जानकारी के मुताबिक, आगरा में कुछ लोग अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे. स्थिति को संभालने और प्रदर्शनकारियों की समस्याएं सुनने के लिए ACP अमीषा सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं. वह लोगों से बातचीत कर उन्हें समझाने की कोशिश कर रही थीं. इसी दौरान एक प्रदर्शनकारी ने उन्हें ‘बहनजी’ कहकर संबोधित किया. इसी बात पर बातचीत का माहौल अचानक बदल गया.
बहनजी नहीं हूं मै :: आगरा ACP सदर अमीषा दरअसल आगरा में कुछ लोग अपनी मांगो को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे ACP मनीषा मय पुलिस बल उनको वहां समझाने उनकी समस्या सुनने पहुंची तो एक सज्जन ने ACP मैंम को बहनजी कह दिया बस फिर क्या था भड़क गई ACP मैंम इस पूरे प्रकरण में साथ खड़े दूसरे एसीपी के चेहरे के रिएक्शन देखने योग्य थे
— Arjun Chaudharyy (@Arjun5chaudhary) November 17, 2026
किस बात पर नाराज हुईं?
प्रदर्शनकारी के इस संबोधन पर ACP अमीषा सिंह ने नाराजगी जाहिर की. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि वह ‘बहनजी’ नहीं हैं. मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने इस बातचीत का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है. वीडियो को लेकर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं.
कौन हैं ACP अमीषा सिंह?
अमीषा सिंह आगरा सदर में ACP के पद पर तैनात हैं। उनका पुलिस सेवा से जुड़ा पारिवारिक संबंध भी रहा है. उनके पिता विनोद कुमार सिंह उत्तर प्रदेश पुलिस में IPS अधिकारी रह चुके हैं. बताया जाता है कि जिस साल उनके पिता सेवानिवृत्त हुए, उसी साल अमीषा सिंह ने भी उत्तर प्रदेश पुलिस में DSP रैंक की अधिकारी के रूप में अपनी सेवा शुरू की. बता दें कि अमीषा सिंह 2022 बैच की DSP अधिकारी हैं. आगरा में ACP के रूप में उनकी पहली पोस्टिंग हुई थी. अपने कार्यकाल के दौरान वह कई बड़े मामलों की जांच और खुलासों से भी जुड़ी रही हैं.