UP Politics: उत्तर प्रदेश की सियासत में ‘पीडीए’ को लेकर शुरू हुई जुबानी जंग अब तंज और कटाक्ष तक पहुंच गई है. बीजेपी के यूपी प्रभारी विनोद तावड़े ने समाजवादी पार्टी के पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक वाले पीडीए फॉर्मूले की नई व्याख्या करते हुए इसे ‘पराया, धन, अपना’ बताया था. इसको लेकर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने तावड़े के बीजेपी पर पलटवार किया है. अखिलेश ने न सिर्फ ‘पराया धन’ वाले बयान पर कटाक्ष किया बल्कि पी अक्षर को लेकर भी तंज कसा.
अखिलेश यादव ने बीजेपी पर तंज कसते हुए कहा कि पराया धन अपना बनाने का हुनर बीजेपी से बेहतर कोई नहीं जानता. उन्होंने कहा, ‘पराया धन ही अपना नहीं है, वे पार्टी का धन भी अपना बनाना जानते हैं. पराया धन कैसे अपना बनाया जाता है, यह बीजेपी से बेहतर कौन जानता है. ये सभी पराये धन वाले लोग हैं, जो बीजेपी में हैं.’
पी फॉर P A G A L
बता दें कि विनोद तावड़े ने शनिवार को के पीडीए फॉर्मूले पर निशाना साधते हुए इसे ‘पराया, धन, अपना’ बताया था. इस पर अखिलेश ने शब्दों का ऐसा खेल खेला कि सियासी बयानबाजी और तीखी हो गई. सपा की ओर से सोशल मीडिया पर शेयर किए गए वीडियो में अखिलेश कहते नजर आए, ‘प्रभारी जी आए हैं अच्छी बात है. ‘पी’ से प्रभारी भी होता है, पी फॉर ‘पी ए जी ए एल’ भी होता है.’
सीएम योगी पर भी साधा निशाना
अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भी कटाक्ष किया. उन्होंने कहा कि संत से बड़ा सच बोलने वाला कोई नहीं होता लेकिन हमारे संत थोड़े अलग हैं, वह झूठ के अलावा कुछ नहीं बोलते. सहारनपुर में कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद को गिराए जाने के मुद्दे पर भी अखिलेश ने सरकार को घेरा. उन्होंने सवाल उठाया कि यदि किसी पक्ष को ऊपरी अदालत में जाने का मौका ही नहीं मिलेगा और महज 12 घंटे में कार्रवाई हो जाएगी तो फिर न्याय की प्रक्रिया कैसे चलेगी. उन्होंने कहा कि ‘हमारा समाज तब मजबूत होगा, जब हम दूसरे धर्मों का सम्मान करेंगे. एक सच्चा सनातनी और सच्चा हिंदू कभी दूसरे का अपमान नहीं कर सकता.’