Ghaziabad: नीति खंड-2 में एक कंस्ट्रक्शन साइट पर अपने परिवार के साथ सो रही सात साल की एक बच्ची का कथित तौर पर अपहरण कर उसके साथ रेप किया गया. पुलिस ने बताया कि उन्हें CCTV फुटेज मिला है जिसमें बच्ची आरोपी के साथ दिख रही है और वे फिलहाल उसकी पहचान करने की कोशिश कर रहे हैं.
परिवार दो महीने पहले ही आया
बच्ची के पिता के अनुसार, परिवार दो महीने पहले मध्य प्रदेश से इस साइट पर रहने आया था, जब उन्हें यहाँ सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी मिली थी. 15 अप्रैल को, जब वह ड्यूटी पर थे, तो परिवार रात करीब 11:00 बजे सोने के लिए बिल्डिंग के अंदर चला गया.
रोने की आवाज से खुली नींद
“मैं रात करीब 1:00 बजे उनके पास सोने गया. रात करीब 2:30 बजे, मेरी बेटी के रोने की आवाज सुनकर मेरी नींद खुल गई. जब उसकी मां और मैंने उससे पूछा कि क्या हुआ, तो उसने बताया कि एक आदमी ने उसका मुंह दबाया, उसे स्वर्ण जयंती पार्क जो वहां से महज 30 मीटर दूर था ले गया, उसे बार-बार पीटा और थप्पड़ मारे, और फिर उसके साथ रेप किया, उन्होंने कहा.
न आरोपी गिरफ्तार न FIR
हमले के बाद, आरोपी कथित तौर पर बच्ची को उस प्लॉट के पास छोड़ गया जहां परिवार रहता था. पिता ने बताया, “जब उसकी मां को वह मिली, तो बच्ची खून से लथपथ थी. हमने तुरंत पुलिस से संपर्क किया, लेकिन उन्होंने न तो आरोपी को गिरफ्तार किया है और न ही हमें FIR और मेडिकल रिपोर्ट की कॉपी दी है.”
लड़की को दी धमकी
उसने आरोप लगाया कि आरोपी ने लड़की को धमकी दी थी और चेतावनी दी थी कि अगर उसने इस घटना के बारे में किसी को बताया, तो वह उसके भाई-बहनों और माता-पिता को मार डालेगा.
पहचान में जुटी पुलिस
DCP धवल जायसवाल ने बताया कि इंदिरापुरम पुलिस स्टेशन में एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ BNS की धारा 74 (बलात्कार) और POCSO एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज की गई है. उन्होंने आगे कहा, ‘आरोपी CCTV फुटेज में लड़की के साथ दिखाई दिया है, और हम फिलहाल उसकी पहचान करने की कोशिश कर रहे हैं.’