New York: आमतौर पर शादी के बाद पति के कमाने और पत्नी के घर संभालने की परंपरा देखने को मिलती है. लेकिन एक भारतीय युवक ने इस सोच से बिल्कुल उलट प्रस्ताव रखकर सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है. युवक को ऐसी पत्नी चाहिए जो सालाना कम से कम 12 लाख रुपये कमाती हो. वहीं, वह खुद घर की पूरी जिम्मेदारी संभालने के लिए तैयार है. उसकी इस अनोखी मांग पर रेडिट यूजर्स अलग-अलग राय दे रहे हैं.
रेडिट पर शादी के लिए रखी अनोखी शर्त
दरअसल, युवक ने रेडिट के r/AskIndianWoman समुदाय में अपनी शादी को लेकर एक पोस्ट शेयर की है. इसमें उसने बताया कि वह ऐसी जीवनसाथी की तलाश में है जो परिवार की मुख्य कमाने वाली सदस्य बने. इसके बदले वह घर के सभी काम संभालना चाहता है. युवक के मुताबिक, वह खाना बनाने, सफाई करने, कपड़े धोने और घर को व्यवस्थित रखने की पूरी जिम्मेदारी उठा सकता है. वह चाहता है कि उसकी पत्नी अपनी पसंद के मुताबिक नौकरी या कारोबार करे और आर्थिक जिम्मेदारियां संभाले.
पत्नी की सैलरी 12 लाख रुपये सालाना होनी चाहिए
युवक ने अपनी पसंद और पारिवारिक पृष्ठभूमि के बारे में भी जानकारी दी. उसने बताया कि उसकी लंबाई 6 फीट है और उसकी कद-काठी अच्छी है. उसके माता-पिता ए-क्लास सरकारी नौकरी से रिटायर हुए हैं और उन्हें पेंशन मिलती है. भावी पत्नी के लिए उसने कम से कम 12 लाख रुपये सालाना कमाई की शर्त रखी है. इसके अलावा युवक ने साफ किया कि वह शादी के बाद बच्चे नहीं चाहता. वह प्यार, सम्मान और बराबरी पर आधारित वैवाहिक जीवन जीना चाहता है.
रेडिट पर लोगों ने उठाए कई सवाल
युवक की पोस्ट पर कुछ लोगों ने उसकी सोच की तारीफ की. उनका कहना है कि घर संभालने की जिम्मेदारी उठाने में पुरुषों को भी आगे आना चाहिए. हालांकि, कई यूजर्स ने इस प्रस्ताव की व्यावहारिकता पर सवाल उठाए. लोगों ने पूछा कि अगर पत्नी की नौकरी के कारण दूसरे शहर में जाना पड़े तो क्या युवक इसके लिए तैयार होगा? क्या वह ससुराल और पारिवारिक आयोजनों की जिम्मेदारी भी खुद उठाएगा?
महिलाओं ने भी साझा किए अपने अनुभव
कुछ महिला यूजर्स ने घरेलू जिम्मेदारियों को लेकर अपने अनुभव बताए. एक महिला ने सवाल किया कि अगर युवक के माता-पिता घर आएंगे तो क्या वह खाना बनाने और सफाई की जिम्मेदारी खुद निभाएगा? वहीं, दूसरी महिला ने कोविड के दौरान का अनुभव साझा करते हुए बताया कि बेरोजगार रहने पर उसने घर के सभी काम संभाले थे, लेकिन उसके पति ने धीरे-धीरे अपनी घरेलू जिम्मेदारियां निभाना बंद कर दिया था. इस पोस्ट ने एक बार फिर शादी में पति-पत्नी की भूमिका और बराबरी को लेकर चर्चा शुरू कर दी है. लोगों का मानना है कि शादी में असली बराबरी तभी संभव है, जब दोनों एक-दूसरे के करियर, पसंद और जिम्मेदारियों का सम्मान करें.
ये भी पढ़ें: Crime: सगे भतीजे के साथ अवैध संबंध, भतीजियों ने अपनी ही बुआ किया मर्डर; हैरान कर देगी ये प्रेम कहानी