ग्रेटर नोएडा में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया था, जहां एक व्यक्ति ने 6 साल की मासूम के साथ बलात्कार किया और फिर उसकी हत्या कर दी. बच्ची के माता-पिता ने आज ही पुलिस में बच्ची की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी.
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तलाशी शुरु कर दी. आरोपी को पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया है. आरोपी की पहचान बलराज उर्फ बल्ला के रूप में हुई है.
क्या है पूरा मामला?
ग्रेटर नोएडा में बल्ला नाम के आरोपी ने 6 साल की मासूम का अपहरण कर उसका बलात्कार किया था और उसके बाद उसकी हत्या कर दी थी. CCTV में आरोपी बच्ची को ले जाते और बोरे में शव ले जाते दिखा था. मामले में रेप के बाद हत्या का भी आरोप था. जब बच्ची के घरवालों ने शिकायत दर्ज कराई तो पुलिस ने आरोपी की खोज शुरू कर दी. पुलिस ने हत्या के आरोपी को ढूंढ़ लिया जिसके बाद पुलिस की आरोपी से मुठभेड़ हुई. ये मुठभेड़ इकोटेक-3 के टिड्डी पार्क में हुई. पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ में आरोपी घायल हुआ था.
मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी को पुलिस और जनता के द्वारा पकड़ा गया था. आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी थी, इस मुठभेड़ में एक सिपाही रवि यादव घायल है.
पुलिस ने बताया कैसे हुआ एनकाउंटर
पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की मीडिया सेल द्वारा मिली जानकारी के मुताबिक, “आज 29 अगस्त को थाना ईकोटेक-3 पुलिस द्वारा थाना क्षेत्रांतर्गत हुयी बच्ची की हत्या की घटना के आरोपी अभियुक्त बलराज पुत्र खेमचंद निवासी ग्राम तिलपता, थाना सूरजपुर, गौतमबुद्धनगर वर्तमान निवासी ग्राम हल्द्वानी, थाना इकोटेक-3, गौतमबुद्धनगर को सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य स्त्रोतों के माध्यम से गिरफ्तार करने के पश्चात उससे पूछताछ की गयी तो अभियुक्त द्वारा घटना में प्रयुक्त चाकू को डी पार्क चौकी के पास ग्रीन बेल्ट में छिपाना बताया गया.”
पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की मीडिया सेल ने बताया, “चाकू की बरामदगी हेतु पुलिस टीम, अभियुक्त के साथ उसके द्वारा बताये गये स्थान पर पहुंचे तो अभियुक्त बलराज द्वारा गाड़ी से उतरकर कुछ दूरी पर स्थित झाड़ियों से चाकू निकालकर बरामद कराया गया. इसी दौरान अभियुक्त बलराज द्वारा मौका पाकर अचानक से तेजी के साथ झुककर झाड़ियों में पूर्व से छिपाये गये 1 पिस्टल .32 बोर को उठाकर पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायर किया गया, जिससे थाना ईकोटेक-3 पर नियुक्त हेड कांस्टेबल रवि कुमार घायल हो गए.” पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की मीडिया सेल ने बताया, “पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षार्थ की गयी जवाबी कार्यवाही में अभियुक्त बलराज गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल मुख्य आरक्षी रवि कुमार एवं गंभीर रूप से घायल अभियुक्त बलराज को उपचार हेतु अस्पताल ले जाया गया जहां उपचार के दौरान चिकित्सकगण द्वारा अभियुक्त बलराज को मृत घोषित कर दिया गया है. मृत आरोपी के कब्जे से 01 अवैध पिस्टल .32 बोर मय 03 खोखा व 02 जिंदा कारतूस बरामद हुए है.”