Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क इलाके में शुक्रवार शाम सड़क पर कार से स्टंट करना कुछ युवकों को भारी पड़ गया. कॉलेज के पास तेज रफ्तार ऑल्टो कार से स्टंट कर रहे युवकों ने सड़क किनारे जा रहे छात्रों को टक्कर मार दी. हादसे में चार से पांच छात्र घायल हो गए. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कुछ छात्र सड़क पर गिर पड़े. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. हादसे का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें कार को स्टंट करते हुए देखा जा सकता है. घटना के बाद कार सवार मौके से फरार हो गए.
कैसे हुआ हादसा?
वहां मौजूद लोगों के मुताबिक, कॉलेज के आसपास कुछ युवक कई गाड़ियों के साथ स्टंट कर रहे थे. इस दौरान एक ऑल्टो कार चालक गाड़ी को गोल-गोल घुमाकर स्टंट कर रहा था. अचानक कार बेकाबू हो गई और सड़क से गुजर रहे छात्रों को अपनी चपेट में ले लिया. आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों की मदद की और उन्हें अस्पताल पहुंचाया. हादसे के बाद कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा.
ग्रेटर नोएडा : कुछ लोग रास्ते से जा रहे थे, तभी एक कार अनियंत्रित होकर आई और 4 से 5 लोगों को रौंद दिया।
टक्कर मारने के बाद कार चालक थोड़ा संभला और गाड़ी लेकर तुरंत फरार हो गया। नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र की पूरी घटना।। pic.twitter.com/NRgwYEmQAa
— Ashish Paswan (@ashishpaswan0) September 19, 2026
घायल छात्रों का क्या हुआ?
इस हादसे में GNIOT कॉलेज में BCA के छात्र गौरव नागर के पैर में फ्रैक्चर हुआ. इलाज के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई. वहीं एक अन्य छात्रा कार की चपेट में आई, जिसके पैर में चोट लगी. गौरव के साथ ही कई दूसरे छात्रों को भी चोटें आईं. इस बारे में गौरव के भाई ध्रुव नागर का कहना है कि गौरव अपने दोस्तों के साथ कॉलेज के पास से गुजर रहा था. उसी दौरान कुछ युवक गाड़ियों से स्टंट कर रहे थे और वहां मौजूद लोग उनका वीडियो बना रहे थे. अचानक कार आई और छात्रों को टक्कर मारकर मौके से निकल गई.
आरोपी गिरफ्तार, कार बरामद
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद नॉलेज पार्क थाना पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया. पुलिस ने संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस टीम ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है. हादसे में इस्तेमाल की गई ऑल्टो कार को पुलिस ने बरामद कर कब्जे में ले लिया है. पुलिस के मुताबिक, सड़क पर खतरनाक तरीके से स्टंट करने और लोगों की जान जोखिम में डालने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.