5
Lucknow Gurukul Student Murder: उत्तर प्रदेश के कानपुर के नरेंद्र कुमार द्विवेदी के 11 साल के बेटे दिव्यांश को लखनऊ के आलमबाग में स्थित रामानुज भागवत वेद विद्यापीठ गुरुकुल में पीट-पीटकर मार डाला गया. गुरुकुल के प्रशासक कन्हैया लाल मिश्रा और उनकी महिला सहकर्मी हर्षिता सोनी, जो वहां काम भी करती थीं ने छात्र की मौत के बाद सबूत मिटाने की कोशिश की.
उन्होंने छात्र के शव को अपनी वैगन-आर कार में रखा, उसे कानपुर ले गए, परिवार को सौंप दिया और मौके से फरार हो गए. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में चोटों की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के दौरान, प्रशासक ने छात्र को पीटने की बात कबूल कर ली, जिसके बाद दोनों को जेल भेज दिया गया.
दाखिले के कुछ ही दिनों बाद हुई घटना
मृत छात्र दिव्यांश का दाखिला उसके पिता ने 15 अप्रैल को वैदिक पढ़ाई के लिए गुरुकुल में करवाया था. दाखिले के कुछ ही दिनों बाद, बुधवार को, स्कूल ने परिवार को बताया कि बच्चा सीढ़ियों से गिर गया था. हालांकि, सच्चाई कुछ और ही थी. प्रशासक कन्हैया लाल ने छात्र को इतनी बेरहमी से पीटा था कि उसकी जान चली गई. घटना के बाद घबराकर, आरोपियों ने कानूनी कार्रवाई से बचने की कोशिश में शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई.
महिला सहकर्मी ने सबूत मिटाने में मदद की
पुलिस जांच में पता चला कि प्रशासक की महिला सहकर्मी हर्षिता सोनी, जो गुरुकुल में काम भी करती थी ने छात्र की मौत के बाद घटनास्थल पर फैले खून और अन्य सबूतों को साफ कर दिया था. दोनों आरोपियों ने छात्र के शव को अपनी कार में रखा, उसे महाराजपुर ले गए, और परिवार से झूठ बोला. जब परिवार वालों ने बच्चे के शरीर पर चोट के कई निशान देखे तो हंगामा मच गया. सूचना मिलने पर, स्थानीय विधायक और विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना भी मौके पर पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से बात की.
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट ने आरोपियों का पर्दाफाश किया
ACP अभिषेक पांडे के अनुसार, जब पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाया, तो शरीर पर शारीरिक हमले के गंभीर निशान पाए गए, जिससे सीढ़ियों से गिरने की कहानी झूठी साबित हो गई. पुलिस ने CCTV फुटेज की जांच करने और सबूत जुटाने के लिए लखनऊ स्थित गुरुकुल का दौरा किया. पुलिस ने वह WagonR कार भी बरामद कर ली है, जिसका इस्तेमाल शव को ले जाने के लिए किया गया था. आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है, और अब पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है.