Etawah field fire: इटावा के सैफई थाना क्षेत्र के गांव बघुइया में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब गेहूं के अवशेषों में अचानक भीषण आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते कई खेत इसकी चपेट में आ गए. तेज हवा के कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे आसपास के किसानों में दहशत फैल गई और लोग अपने-अपने खेतों की ओर दौड़ पड़े. आग की लपटें देख ग्रामीणों के होश उड़ गए. उन्हें अपनी फसल की चिंता सताने के लगी. इसके बाद बिना किसी देरी के उन्होंने खेतों की ओर दौड़ लगा दी.
दमकल की देरी पर ग्रामीणों में आक्रोश
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने तुरंत दमकल विभाग को फोन कर सहायता मांगी, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि काफी समय बीत जाने के बावजूद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर नहीं पहुंची. इससे नाराजगी और आक्रोश का माहौल बन गया. ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते दमकल पहुंच जाती तो नुकसान को काफी हद तक रोका जा सकता था.
ग्रामीणों ने खुद संभाला मोर्चा
आग लगातार खेतों में फैलती जा रही है, जिससे गेहूं के अवशेष, चारा और आसपास खड़ी फसलों को भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है. कई किसानों की मेहनत पर पानी फिरता नजर आ रहा है. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों ने खुद ही मोर्चा संभाल लिया और बाल्टियों, पाइप, पानी के टैंकर और ट्रैक्टरों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया.
ग्रामीणों में भय का माहौल
ग्रामीणों की सूझबूझ और तत्परता से आग को कुछ हद तक काबू में लाने की कोशिश की जा रही है, लेकिन संसाधनों की कमी के चलते काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. प्रशासन से तत्काल राहत और सहायता की मांग की जा रही है ताकि आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सके और आगे होने वाले नुकसान को रोका जा सके. फिलहाल मौके पर हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं और ग्रामीणों में भय का माहौल है.
(Disclaimer: The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.)