AI Ring: आज के समय में AI के बिना दुनिया सोच पाना काफी मुश्किल है. AI हमारे बहुत से कामों को काफी आसान कर देता है. ये कम समय और मेहनत में ज्यादा से ज्यादा रिजल्ट दे सकता है. इसके कारण ज्यादातर फोन में एआई की सुविधा मिलने लगी है. अब कम कीमत वाले डिवाइस में बी लोग एआई ढूंढते हैं और बहुत सी कंपनियां ये सुविधा दे भी रही हैं. इतना ही नहीं अब तो बाजारों में एआई की घड़ी, चश्मे, बैंड आदि भी मिलते हैं लेकिन अभी AI रिंग के बारे में काफी कम लोग जानते हैं. एआई की बदलती दुनिया में इस रिंग ने छोटे से डिवाइस का रूप ले लिया है.
ये रिंग बहुत काम की चीज है. ये आपके बैंड और चश्मे की तरह भारी-भरकम नहीं दिखती लेकिन फायदे काफी देती है. कई कंपनियों ने अंगूठी में ही एआई को फिट कर दिया है जो आपके हेल्थ और फिटनेस का रिकॉर्ड तैयार करती है. इसके साथ ही आप इसकी मदद से आपको आवाज रिकॉर्ड करने, नोट्स बनाने और विभिन्न भाषाओं में अनुवाद करने जैसी सुविधाएं मिलती हैं.
कैसे और क्या काम करती है एआई रिंग?
एआई रिंग, ऐसी रिंग है, जिसमें एआई फिट है. स्क्रीन न होने के कारण रिंग को पहनकर आवाज या इशारों से काम करना आसान हो जाता है. एआई रिंग के कुछ मॉडलों में वाइब्रेशन या LED लाइट भी दी जाती है, जो रिकॉर्डिंग शुरू होने का संकेत देती है. बैटरी और चार्जिंग का समय हर मॉडल में अलग होता है. इसकी मदद से फोन निकाले बिना ही आप काफी काम कर सकते हैं.
भारत में उपलब्ध ज्यादातर एआई रिंग अभी हेल्थ और फिटनेस ट्रैकिंग पर ही फोकस्ड हैं. हेल्थ सेंटर्ड स्मार्ट रिंग हृदय गति, नींद, शारीरिक गतिविधियों और त्वचा के तापमान जैसे संकेतों को ट्रैक कर सकती हैं. एआई इन आंकड़ों पर नींद और रिकवरी से जुड़े सुझाव दे सकता है. कुछ एआई रिंग को नहाते वक्त भी पहने रह सकते हैं, तो कुछ को नहाते वक्त उतारना पड़ता है. यह उसके वाटर रेजिस्टेंस फीचर पर निर्भर करता है.
मिलेंगे ये जबरदस्त फीचर
कुछ एआई रिंग्स आवाज से नोट्स बनाती हैं और रिमाइंडर भी भेज देती हैं. रिंग पर टैप करके बोलने से बात रिकॉर्ड हो जाती है. जुड़े हुए ऐप में उसे टेक्स्ट नोट, रिमाइंडर या मेसेज ड्राफ्ट में बदला जा सकता है. इसी तरह लोगों से हो रही बातचीत को भी रिकॉर्ड किया जा सकता है. कुछ मॉडल अलग-अलग भाषाओं के अनुवाद भी कर देते हैं. जैसे कीरा एआई रिंग अपनी वेबसाइट पर 146 भाषाओं में अनुवाद का दावा करती है जिनमें 13 भाषाओं के लिए ऑफलाइन सपोर्ट भी है. इनकी कीमत की बात करें, तो इनकी कीमत लगभग 10000 रुपये से 40,000 रुपये तक हो सकती है.