Best AC Placement | Ghar Ke Kis Kone Me AC Karega Jyada Cooling: आज के समय में एयर कंडीशनर (AC) लोगों की जरूरत बन गई है क्योंकि अब गर्मी ज्यादा पड़ने लगी है. लेकिन सिर्फ AC खरीद लेना ही पर्याप्त नहीं है, उसे सही जगह पर लगाना भी उतना ही जरूरी है. यदि AC को सही जगह पर नहीं लगाया, तो उसकी कूलिंग प्रभावित हो सकती हैं. आइए जानते हैं कि किस जगह पर एसी लगाने से कमरा होगा ज्यादा ठंडा.
घर की उत्तर या पूर्व दिशा में AC लगाएं
यदि संभव हो, तो अपने AC यूनिट को घर की उत्तर (North) या पूर्व (East) दिशा में लगाना सबसे अच्छा माना जाता है. इसका मेन कारण ये है कि इन दिशाओं में सीधी धूप कम पड़ती है, खासकर दिन के सबसे गर्म समय में. जब AC यूनिट छाया में रहता है, तो उसे कमरे को ठंडा करने के लिए कम मेहनत करनी पड़ती है, जिससे बिजली की खपत कम होती है और कूलिंग बेहतर मिलती है.
गर्मी पैदा करने वाले उपकरणों से दूर रखें
AC को ऐसी जगहों पर नहीं लगाना चाहिए जहां आसपास ज्यादा गर्मी उत्पन्न होती हो. उदाहरण के लिए, बल्ब, फ्रिज, टीवी या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण. ये सभी गर्मी छोड़ते हैं, जिससे AC का सेंसर कमरे के तापमान को सही तरीके से नहीं माप पाता और कमरा अच्छे से ठंडा नहीं होता है.
हवा के प्रवाह में बाधा न आने दें
AC की कूलिंग के लिए ये जरूरी है कि उसकी हवा पूरे कमरे में आसानी से फैल सके. इसलिए इसे ऐसी जगह पर लगाएं जहां उसके सामने कोई रुकावट न हो. जैसे कि अलमारी, दरवाजे या बड़े इलेक्ट्रॉनिक उपकरण के ऊपर AC लगाना सही नहीं हैय इससे हवा का प्रवाह बाधित होता है और कमरे को ठंडा होने में ज्यादा समय लगता है.
ऊंचाई पर इंस्टॉल करना बेहतर होता है
AC को दीवार पर जितना ऊंचा लगाया जाए, उतना ही अच्छा होता है. इसका वैज्ञानिक कारण ये है कि गर्म हवा ऊपर की ओर जाती है. जब AC ऊपर लगाया जाता है, तो वो गर्म हवा को जल्दी ठंडा कर पाता है और पूरे कमरे में ठंडक तेजी से फैलती है.
AC की सही प्लेसमेंट न केवल उसकी कार्यक्षमता को बढ़ाती है, बल्कि आपके बिजली बिल को भी कंट्रोल रखने में मदद करती है. यदि आप ऊपर बताए गए सुझावों का पालन करते हैं, तो आपका AC बेहतर प्रदर्शन करेगा और आपको लंबे समय तक संतुष्टि देगा.