दुनिया भर में अपने प्रीमियम स्मार्टफोन्स और दमदार फीचर्स का ढिंढोरा पीटने वाली टेक दिग्गज Samsung एक बार फिर अपनी ‘ग्रीन लाइन’ वाली लाइलाज बीमारी को लेकर यूजर्स के निशाने पर आ गई है. जेब ढीली करके महंगा फोन खरीदने वाले ग्राहक अब खुद को ठगा सा महसूस कर रहे हैं, क्योंकि न तो फोन हाथ से छूटा और न ही कोई खराबी आई, फिर भी स्क्रीन पर अचानक ऐसी हरी लाइन खिंच आई जिसने डिस्प्ले का पूरा कबाड़ा कर दिया. प्रीमियम कीमत वसूलने के बाद भी यूजर्स को ऐसी घटिया क्वालिटी और सिरदर्दी देना अब सैमसंग का नया ढर्रा सा बनता जा रहा है. सोशल मीडिया पर अब लोग कंपनी की जमकर क्लास लगा रहे हैं और कसम खा रहे हैं कि वे दोबारा कभी Samsung का फोन नहीं खरीदेंगे.
आइए जानते हैं कि आखिर पूरा मामला क्या है…
अचानक स्क्रीन पर आई हरी लाइन
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पहले ट्विटर) पर @favour_okeja नाम के एक यूजर ने अपने सैमसंग स्मार्टफोन की एक तस्वीर शेयर करते हुए अपना दर्द बयां किया है. यूजर का दावा है कि उनका फोन न तो हाथ से नीचे गिरा और न ही उसमें ओवरहीटिंग की कोई समस्या आई. फोन पूरी तरह से सामान्य स्थिति में था, लेकिन अचानक ही डिस्प्ले के ठीक बीचों-बीच एक चमकीली हरी पट्टी उभर आई.
So this thing they said about Samsung is true😂
I’m never buying a Samsung phone again in my life.
Phone didn’t fall.
Phone didn’t overheat.
Absolutely nothing happened to it.Green line out of nowhere🤦🏽♂️ pic.twitter.com/fQ8vEbLsD5
— Okeja (@favour_okeja) August 23, 2026
‘अब जिंदगी में कभी नहीं खरीदूंगा Samsung का फोन’
पीड़ित यूजर ने स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए लिखा कि सैमसंग के फोन्स के बारे में जो बातें कही जा रही थीं, वे बिल्कुल सच साबित हुई हैं. यूजर ने सख्त नाराजगी जाहिर करते हुए ऐलान कर दिया कि वह अब अपनी जिंदगी में दोबारा कभी भी सैमसंग का स्मार्टफोन नहीं खरीदेंगे.
Samsung Galaxy S21 निकला पीड़ित मॉडल
जब कमेंट सेक्शन में एक यूजर ने पूछा कि यह कौन सा मॉडल है, तो पीड़ित यूजर ने खुलासा किया कि यह Samsung Galaxy S21 है. यानी कंपनी के प्रीमियम और फ्लैगशिप सेगमेंट में शामिल फोन्स भी इस खराबी से अछूते नहीं हैं.
कमेंट सेक्शन में फूटा लोगों का गुस्सा
यह पोस्ट वायरल होते ही कमेंट सेक्शन में अन्य यूजर्स का भी गुस्सा फूट पड़ा और लोगों ने अपने अनुभव शेयर करना शुरू कर दिए:
एक यूजर ने प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि उनके साथ भी ठीक ऐसा ही हुआ था, जिसके तुरंत बाद उन्होंने सैमसंग का साथ छोड़ दिया
एक अन्य यूजर (@PJaxParker) ने अपनी आपबीती शेयर करते हुए बताया कि उन्हें पुलिस से एक गुमशुदा बच्चे का टेक्स्ट अलर्ट मिला था, लेकिन डिस्प्ले की दिक्कत के कारण वे बच्चे की फोटो नहीं देख पा रहे थे. यूजर ने आरोप लगाया कि स्थिति बेहद गंभीर होने के बावजूद सैमसंग सर्विस की तरफ से उन्हें कोई मदद नहीं मिली.
सैमसंग की डिस्प्ले क्वालिटी पर उठे गंभीर सवाल
गौरतलब है कि सैमसंग स्मार्टफोन के अमोलड डिस्प्ले पर हरी लाइन आने का यह कोई पहला मामला नहीं है. पिछले कुछ समय में कई प्रीमियम फोन्स में यह समस्या लगातार देखने को मिली है. कंपनी के दावों के बावजूद बार-बार सामने आ रहे ऐसे मामले सैमसंग के क्वालिटी कंट्रोल और आफ्टर-सेल्स सर्विस पर बड़े सवाल खड़े कर रहे हैं.