ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म्स और नामी कंपनियों के दावों पर भरोसा करके महंगे सामान खरीदना कभी-कभी कितना भारी पड़ सकता है, इसका ताजा उदाहरण सोशल मीडिया पर देखने को मिला है. एक शख्स ने भारी-भरकम रकम खर्च करके प्रीमियम एसी मंगाया, लेकिन जो बॉक्स उसके घर पहुंचा उसने ग्राहक के पसीने छुड़ा दिए. जब पीड़ित ने इस पूरी घटना का वीडियो शेयर कर मदद की गुहार लगाई, तो सोशल मीडिया पर हंगामा मच गया, लेकिन कहानी में असली मोड़ तब आया जब कंपनी और प्लेटफॉर्म की खिंचाई के बीच एक और यूजर ने कमेंट में ऐसी बात कह दी जिसे पढ़कर कोई भी हैरान रह जाएगा. आखिर क्या है यह पूरा मामला और क्यों मचा है बवाल? आइए जानते हैं.
क्या है पूरा मामला?
सिब्तैन जहीर (@dotcomfolk) नाम के एक यूजर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपना कड़वा अनुभव शेयर करते हुए सैमसंग इंडिया (@SamsungIndia) और अमेजन (@amazonIN) को आड़े हाथों लिया.
यूजर ने बताया कि उन्होंने अमेजन से सैमसंग का सबसे महंगा 5-स्टार रेटिंग वाला एसी ऑर्डर किया था. लेकिन उनके पास जो दूसरी यूनिट डिलीवर हुई, उसकी हालत बेहद खराब थी. बॉक्स पूरी तरह से टूटा-फूटा था और एसी में मैन्युफैक्चरिंग डिफेक्ट था, जिसकी वजह से वह काम ही नहीं कर रहा था.
पीड़ित यूजर का आरोप है कि बार-बार कस्टमर सपोर्ट से संपर्क करने के बाद भी न तो अमेजन और न ही सैमसंग इंडिया की तरफ से कोई ठोस मदद मिली. यूजर ने आगे बताया कि उन्हें पिछले 2 महीनों से सिर्फ आश्वासन ही मिल रहे हैं, जिसकी वजह से उनका कमरा इस्तेमाल करने लायक ही नहीं बचा है.
यूजर ने टिकट आईडी शेयर करते हुए बताया कि 25 अगस्त को एक शिकायत दर्ज की गई थी और 4 सितंबर तक समाधान का वादा किया गया था. लेकिन तय तारीख बीतने के बाद जब यूजर ने पता किया तो पता चला कि कुछ हुआ ही नहीं, बल्कि अब एक नया टिकट बनाने की बात कही जा रही है.
This is the 2nd unit of Samsung’s most expensive 5-star-rated AC ordered from @amazonIN & it arrived in deplorable condition with a manufacturing defect and has failed to work.
Despite repeated calls to CS neither @amazonIN nor @SamsungIndia has provided any meaningful support. pic.twitter.com/a7HquVhRy6— Sibtain Zaheer 🇮🇳 (@dotcomfolk) September 8, 2026
सोशल मीडिया पर शिकायत के बाद कंपनियों की प्रतिक्रियाएं
सैमसंग इंडिया ने रिप्लाई करते हुए लिखा कि वे मदद के लिए तैयार हैं और यूजर से अपनी संपर्क जानकारी DM (डायरेक्ट मैसेज) के जरिए शेयर करने को कहा, ताकि जल्द से जल्द समस्या सुलझाई जा सके. हालांकि यह एक रटा-रटाया AI टेक्स्ट है.
अमेजन सपोर्ट ने भी डिफेक्टिव प्रोडक्ट मिलने पर दुख जताया और यूजर को एक लिंक के जरिए अपनी टीम से संपर्क करने की सलाह दी.
इस पूरे विवाद के बीच एक अन्य यूजर ने बेहद गुस्से में प्रतिक्रिया देते हुए सैमसंग के प्रोडक्ट्स और सर्विस पर सवाल खड़े कर दिए. यूजर ने कमेंट में लिखा, ‘दुनिया में कितना चिम्पैंजी का फोटो खींच लो, मगर सैमसंग का कभी मत करना. फालतू एकदम है, फालतू खराब हो जाता है… ये लोग जानबूझकर complaint ठीक भी नहीं करते, पैसा खा जाता है कंपनी.’
सोशल मीडिया पर लगातार आ रही है सैमसंग की शिकायतें
सोशल मीडिया पर सैमसंग के प्रोडक्ट्स की घटती क्वालिटी और लचर कस्टमर सर्विस को लेकर ग्राहकों का गुस्सा लगातार फूट रहा है, जहां आए दिन किसी न किसी प्रोडक्ट की शिकायत सामने आ रही है.
- सिद्धांत देब नामक यूजर ने शिकायत की कि उनके सैमसंग टीवी में 3 साल से भी कम समय में हार्डवेयर की समस्या आ गई, जबकि इससे पहले वे अपने Galaxy S21 FE स्मार्टफोन में ‘ग्रीन लाइन’ की दिक्कत का भी सामना कर चुके हैं.

- वहीं रिटायर्ड मेजर जनरल हर्षा ककर ने टीवी डिस्प्ले की बार-बार आ रही खराबी और डिटेल्स लेने के 3 दिन बाद भी कंपनी की ओर से कोई संपर्क न किए जाने पर कड़ी नाराजगी जताई.

- एक अन्य यूजर शरद माहेश्वरी ने 75,000 रुपये के सैमसंग फ्रिज में महज 2 साल के भीतर 3 बार और 5 महीने में 2 बार कंप्रेसर खराब होने की बात कहते हुए घटिया क्वालिटी और क्रोमा की खराब कस्टमर सर्विस पर सवाल उठाए.

ये तमाम मामले साफ दर्शाते हैं कि टीवी, स्मार्टफोन से लेकर फ्रिज तक, सैमसंग के हर प्रोडक्ट को लेकर ग्राहकों में भारी असंतोष देखने को मिल रहा है.