Bomb Threat: मुंबई में सामने आए एक धमकी भरे ईमेल ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है. इस ईमेल मेंअमिताभ बच्चन के बंगले को बम से उड़ाने की धमकी दी गई. सिंगर दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट पर खतरे का साया और बच्चों को कार्यक्रम में नहीं जाने देने की चेतावनी दी गई है. मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी. मुंबई पुलिस के जोन-1 के डीसीपी मनीष कलवानिया ने बताया कि धमकी मिलने के बाद जांच की गई, लेकिन कोई संदिग्ध चीज नहीं मिली.
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब 11:30 बजे बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) की मेयर रितु तावड़े के कार्यालय में धमकी भरा ईमेल पहुंचा. इसमें अलग-अलग जगहों पर बम धमाके करने की बात कही गई थी. ईमेल में कथित तौर पर ‘खालिस्तान नेशनल आर्मी’ (KNA) नाम के संगठन ने जिम्मेदारी लेने का दावा किया.
‘जलसा’ को निशाना बनाने की धमकी
ईमेल में मुंबई के जुहू स्थित अमिताभ बच्चन के बंगले ‘जलसा’ को 31 अक्टूबर से 27 नवंबर के बीच निशाना बनाने की बात कही गई. इसके अलावा मेयर कार्यालय और कुछ स्कूलों को लेकर भी धमकी दी गई. पुलिस को आशंका है कि इसके पीछे वही समूह हो सकता है, जिसने पहले भी कई फर्जी धमकी भरे संदेश भेजे थे.
दिलजीत के कॉन्सर्ट
दिलजीत दोसांझ का 27 नवंबर को मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में कॉन्सर्ट प्रस्तावित है. धमकी भरे ईमेल में इस कार्यक्रम का भी जिक्र होने की बात सामने आई है. इससे पहले दिल्ली में उनके कॉन्सर्ट की अनुमति को लेकर भी सुरक्षा कारणों से विवाद हुआ था. इतना ही नहीं ईमेल में कहा गया है कि बच्चों को इस कॉन्सर्ट में न भेजें.
दिल्ली कॉन्सर्ट की मंजूरी
दिल्ली पुलिस ने शुरुआत में 30 अक्टूबर को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में होने वाले ‘ऑरा इंडिया टूर’ कार्यक्रम की अनुमति देने से इनकार किया था. बाद में आयोजकों के साथ बातचीत के बाद कॉन्सर्ट को मंजूरी मिलने की खबर आई है. ऐसे में ये दिलजीत के फैंस के लिए अच्छी खबर है. 30 अक्तूबर को दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में फैंस दिलजीत की लाइव परफॉर्मेंस देख सकते हैं. इसके लिए उन्हें बुक माय शो से कॉन्सर्ट की टिकट बुक करनी होगी.