New Skoda Slavia: फेस्टिव सीजन से पहले स्कोडा ऑटो फॉक्सवैगन इंडिया अपनी पॉपुलर सेडान स्लाविया का फेसलिफ्ट मॉडल बाजार में उतारने की तैयारी पूरी कर चुकी है. कंपनी ने नई Skoda Slavia Facelift का प्रोडक्शन शुरू कर दिया है. इसका निर्माण पुणे के चाकन स्थित प्लांट में किया जा रहा है. कंपनी ने इसकी लॉन्च डेट भी घोषित कर दी है और नई स्लाविया फेसलिफ्ट को भारतीय बाजार में 6 अक्टूबर 2026 को लॉन्च किया जाएगा. इसकी प्री-बुकिंग भी शुरू हो चुकी है, जिसे 15 हजार रुपये में कराया जा सकता है.
6 अक्टूबर को होगी नई स्लाविया की एंट्री
स्कोडा स्लाविया फेसलिफ्ट को कंपनी पहले ही रिवील कर चुकी है. अब इसका प्रोडक्शन शुरू होने के साथ ही लॉन्च की तैयारियां भी अंतिम चरण में पहुंच गई हैं. फेस्टिव सीजन को ध्यान में रखते हुए कंपनी 6 अक्टूबर को इसे भारतीय बाजार में उतारेगी. नई कार में मौजूदा मॉडल की तुलना में डिजाइन से लेकर फीचर्स तक कई अपडेट देखने को मिलेंगे.
नई हेडलाइट और टेललैम्प से बदला लुक
नई स्लाविया फेसलिफ्ट को पहले से ज्यादा शार्प और प्रीमियम डिजाइन दिया गया है. इसमें नई हेडलाइट्स और अपडेटेड टेललैम्प्स मिलेंगे. कंपनी ने कार के फ्रंट और रियर बंपर को भी रिडिजाइन किया है. इसके अलावा इसमें 16 इंच के नए एलॉय व्हील्स और टेललैम्प्स के साथ सीक्वेंशनल टर्न इंडीकेटर्स दिए जाएंगे. नए पेंट ऑप्शन भी ग्राहकों को मिल सकते हैं. इंटीरियर में बहुत बड़े बदलाव नहीं किए गए हैं, लेकिन टेक्नोलॉजी से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण अपडेट जरूर मिलेंगे. मौजूदा 10 इंच के इंफोटेनमेंट सिस्टम की जगह 10.1 इंच का इंफोटेनमेंट सिस्टम दिया जाएगा. वहीं 8 इंच के ड्राइवर डिस्प्ले की जगह 10.25 इंच का डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले मिलेगा. कार में वायरलेस Apple CarPlay और Android Auto की सुविधा भी दी जाएगी.
सनरूफ से लेकर मसाज सीट तक मिलेंगे फीचर्स
फीचर्स की बात करें तो नई स्लाविया फेसलिफ्ट में पैनोरमिक सनरूफ, 360 डिग्री कैमरा, पावर्ड और वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स जैसे फीचर्स मिलेंगे. रियर सीट में मसाजर फीचर भी दिया जाएगा. कंपनी ने कार के एयर कंडीशनिंग सिस्टम की परफॉर्मेंस में भी सुधार किया है. एसी की परफॉर्मेंस को लेकर मौजूदा मॉडल में ग्राहकों की शिकायतों के बाद कंपनी ने इस हिस्से पर भी काम किया है.
दो टर्बो पेट्रोल इंजन के विकल्प
नई स्लाविया फेसलिफ्ट में 1.0 लीटर और 1.5 लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन के विकल्प मिलेंगे. 1.0 लीटर इंजन 115 एचपी की पावर और 178 एनएम का टॉर्क जनरेट करेगा. वहीं 1.5 लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन 150 एचपी की पावर और 250 एनएम का टॉर्क देगा.
मैनुअल से लेकर DCT तक गियरबॉक्स
1.0 लीटर इंजन के साथ 6-स्पीड मैनुअल और 8-स्पीड ऑटोमेटिक गियरबॉक्स का विकल्प मिलेगा. वहीं 1.5 लीटर इंजन को 7-स्पीड DCT गियरबॉक्स के साथ पेश किया जाएगा. यानी ग्राहकों को इंजन और गियरबॉक्स के हिसाब से अलग-अलग विकल्प मिलेंगे.
मौजूदा मॉडल से महंगी हो सकती है नई स्लाविया
मौजूदा स्कोडा स्लाविया की एक्स-शोरूम शुरुआती कीमत 9.99 लाख रुपये है, जबकि इसका टॉप मॉडल 18.29 लाख रुपये एक्स-शोरूम तक जाता है. फेसलिफ्ट मॉडल में डिजाइन, फीचर्स और तकनीकी अपडेट को देखते हुए इसकी कीमत मौजूदा मॉडल से थोड़ी ज्यादा होने की उम्मीद है. हालांकि, नई स्लाविया फेसलिफ्ट की आधिकारिक कीमत लॉन्च के समय ही सामने आएगी.