Hotel Bills Increase: कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की कीमत लगभग 1000 रुपये तक बढ़ चुकी है. इसके कारण होटलों में खाने की कीमत बढ़ने वाली है. पहले एलपीजी की शॉर्टेज के कारण निजी होटलों ने कीमतों में बढ़ोतरी की. वहीं अब एक बार फिर होटल में खाना खाने वाले ग्राहकों की मुसीबत बढ़ने वाली है. जानकारी के अनुसार, होटलों में मेन्यू के दाम 10 फीसदी तक बढ़ सकते हैं. शुक्रवार को कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर के दाम बढ़े. इसके बाद देश के अलग-अलग हिस्सों में होटल एसोसिएशन वालों ने फैसला लिया है कि सिलेंडर बढ़ने की कीमत का बोझ अब ग्राहकों से भी वसूला जाएगा.
एसोसिएशन ने किया कीमत बढ़ाने का ऐलान
बेंगलुरु होटल एसोसिएशन ने हर एक होटल मालिक को ये अधिकार दे दिया है कि वो अपनी मर्जी से एक सीमा तक मेन्यू की कीमतों में बढ़ोतरी कर सकते हैं. दूसरी तरफ आंध्र प्रदेश स्टार होटल्स एसोसिएशन ने भी होटल मेन्यू कू कीमतों में लगभग 10 फीसदी तक कीमत बढ़ाने का ऐलान किया है. उनका कहना है कि उनके पास इसके अलावा कोई जरिया नहीं है. अब मिठाइयों से लेकर स्नैक्स और तमाम मेन्यू तैयार करने की लागत बढ़ गए है, जिसके कारण ये फैसला लिया गया है. हालांकि दिल्ली-एनसीआर व दूसरी जगहों पर कीमत बढ़ने का अब तक कोई ऐलान नहीं किया गया है.
1 मई से बढ़ीं कीमतें
एसोसिएशन की तरफ से कहा गया कि 1 मई से कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में भारी बढ़ोतरी हुई है. 1 मई से सिलेंडर की कीमतों में 993 रुपये बढ़ा दिए गए हैं. इसके कारण हॉस्पिटलिटी इंडस्ट्री को झटका लगा है. इसके कारण रेस्तरां और होटलों ने 10 फीसदी तक मेन्यू की कीमत बढ़ाने का ऐलान किया है. उनके पास इसके अलावा कोई ऑप्शन नहीं बचा है. उन्होंने कहा कि तीन महीनों में कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 1303 रुपये तक बढ़ गई है.
कीमत बढ़ने के अन्य कारण
उन्होंने कहा कि सिलेंडर की कीमत बढ़ने के साथ ही फूड ऑयल की कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई है. इसके अलावा सब्जी और फलों की कीमतें बढ़ गई हैं. इसके कारण होटल एसोसिएशन ने कीमत बढ़ाने का फैसला लिया है.