Google Job Story: करियर को लेकर असमंजस आज के युवाओं के लिए एक आम चुनौती बन चुका है. ऐसे में Google की डिजिटल मार्केटिंग टीम में शामिल हुए कपूर की कहानी न सिर्फ़ प्रेरणादायक है, बल्कि एक मजबूत संदेश भी देती है. सफलता हमेशा स्पष्ट योजना से नहीं, बल्कि छोटे-छोटे कदमों से शुरू होती है.
कपूर ने अपनी उपलब्धि को किसी मंज़िल का अंत नहीं, बल्कि एक नई शुरुआत बताया. उनका मानना है कि जीवन में हर चीज़ पहले से तय होना ज़रूरी नहीं है. कई बार रास्ता चलते-चलते ही बनता है. उन्होंने युवाओं को सलाह दी कि अगर वे कन्फ्यूज़ हैं, तो यह पूरी तरह सामान्य है, बस शुरुआत करना ज़रूरी है.
उनके शब्दों में अगर आप असमंजस में हैं, तो घबराने की ज़रूरत नहीं. हर चीज़ का जवाब पहले से पता होना जरूरी नहीं है. अलग-अलग चीज़ें आज़माइए, यह समझिए कि आपको किस काम में मज़ा आता है फिर धीरे-धीरे रास्ता खुद साफ हो जाएगा.
छोटे कदम, बड़ा बदलाव
कपूर की सोच का सबसे अहम पहलू यही है कि उन्होंने “छोटे कदम” लेने पर जोर दिया. अक्सर लोग तब तक इंतजार करते रहते हैं जब तक उन्हें पूरी स्पष्टता नहीं मिल जाती, लेकिन यही इंतजार कई बार प्रगति को रोक देता है. कपूर का संदेश साफ है. एक्शन लेने से ही स्पष्टता आती है, सोचते रहने से नहीं.
सोशल मीडिया पर मिली जबरदस्त सराहना
कपूर की यह पोस्ट सोशल मीडिया, खासकर LinkedIn पर तेजी से वायरल हो गई. हजारों यूज़र्स ने उनकी यात्रा की सराहना की और इसे बेहद प्रेरणादायक बताया. एक यूज़र ने लिखा कि यह सिर्फ़ मंज़िल तक पहुंचने की कहानी नहीं है, बल्कि लगातार प्रयास, जिज्ञासा और प्रयोग करने की इच्छाशक्ति की मिसाल है. उन्होंने कहा कि कपूर की यात्रा यह साबित करती है कि स्पष्टता सोचने से नहीं, बल्कि कुछ करके दिखाने से आती है.
युवाओं को मिली नई उम्मीद
एक अन्य यूज़र, जो एक Tier-3 कॉलेज का छात्र है, ने कमेंट किया कि वह अभी अपने करियर को लेकर एक्सपेरिमेंट कर रहा है और कपूर की कहानी उसे आगे बढ़ने की हिम्मत देती है. उन्होंने लिखा कि ऐसी कहानियां उन छात्रों के लिए बेहद जरूरी हैं, जो खुद को लेकर असमंजस में हैं.
मेहनत का मिला फल
कई लोगों ने यह भी बताया कि उन्होंने कपूर को इस मुकाम तक पहुंचने के लिए लगातार मेहनत करते देखा है. एक यूज़र ने लिखा कि उनकी सफलता पूरी तरह से उनके समर्पण और कड़ी मेहनत का परिणाम है. कपूर की यात्रा हमें यह सिखाती है कि करियर में स्पष्टता अचानक नहीं आती. इसके लिए प्रयोग करना, गलतियां करना और लगातार आगे बढ़ना जरूरी है.