Aaryavir sehwag delhi u19 captain: पूर्व भारतीय विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग ने घरेलू क्रिकेट में एक और बड़ा पड़ाव हासिल कर लिया है. 18 साल के आर्यवीर को आगामी वीनू मांकड़ ट्रॉफी के लिए दिल्ली अंडर-19 टीम का कप्तान बनाया गया है. दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ यानी DDCA ने 3 अक्टूबर को 16 सदस्यीय टीम का ऐलान किया. टूर्नामेंट 8 अक्टूबर से विशाखापत्तनम में खेला जाना है. यह आर्यवीर की किसी बड़ी टीम के कप्तान के तौर पर पहली जिम्मेदारी है.
बल्लेबाजी के बाद अब कप्तानी की परीक्षा
आर्यवीर अब तक अपनी बल्लेबाजी को लेकर चर्चा में रहे हैं, लेकिन दिल्ली U19 की कप्तानी मिलना उनके लिए नई चुनौती होगी. टीम में बतौर कप्तान उनकी भूमिका सिर्फ रन बनाने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि उन्हें मैदान पर फैसले लेने और युवा खिलाड़ियों को संभालने की जिम्मेदारी भी निभानी होगी. उनके साथ अर्णव बुग्गा को उप-कप्तान बनाया गया है. DDCA की घोषित 16 सदस्यीय टीम में विकेटकीपर अभिराज गगन सिंह और तरुण सिंह भी शामिल हैं.
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी दिखा चुके हैं दम
कप्तानी की जिम्मेदारी मिलने से पहले आर्यवीर भारत की अंडर-19 टीम का हिस्सा बनकर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ यूथ वनडे सीरीज खेल चुके हैं. इस सीरीज में उन्होंने तीनों मुकाबलों में बल्लेबाजी की. पहले बारिश से प्रभावित मुकाबले में उन्होंने 26 गेंदों पर 28 रन बनाए. दूसरे मैच में आर्यवीर ने 47 रन की पारी खेली और सिर्फ तीन रन से अर्धशतक से चूक गए. तीसरे मुकाबले में भी उन्होंने 34 रन बनाकर उपयोगी योगदान दिया.
297 रन की पारी ने खींचा था ध्यान
आर्यवीर के नाम अंडर-19 क्रिकेट में पहले से ही एक बड़ी पारी दर्ज है. 2024 में कूच बिहार ट्रॉफी के दौरान उन्होंने मेघालय के खिलाफ 297 रन बनाए थे. इस पारी में उन्होंने 51 चौके और तीन छक्के लगाए थे और ट्रिपल सेंचुरी से महज तीन रन दूर रह गए थे. इस पारी के बाद उनके पिता वीरेंद्र सहवाग ने भी सोशल मीडिया पर बेटे की तारीफ की थी. आर्यवीर को इस साल दिल्ली प्रीमियर लीग में भी खेलने का मौका मिला. उन्होंने वेस्ट दिल्ली लायंस का प्रतिनिधित्व किया. इसके अलावा भारत U19 में जगह बनाकर उन्होंने घरेलू स्तर से आगे बढ़ने की दिशा में भी कदम रखा है.
8 अक्टूबर से शुरू होगा नया इम्तिहान
अब आर्यवीर के सामने वीनू मांकड़ ट्रॉफी में दिल्ली U19 की कप्तानी की चुनौती है. टीम 8 अक्टूबर से विशाखापत्तनम में अपना अभियान शुरू करेगी. ऐसे में नजर सिर्फ इस बात पर नहीं होगी कि सहवाग के बेटे का बल्ला कितना चलता है, बल्कि यह भी देखा जाएगा कि वह कप्तान के तौर पर टीम को किस तरह संभालते हैं.
पूरी दिल्ली U19 टीम
आर्यवीर सहवाग (कप्तान), तन्मय चौधरी, अर्णव बुग्गा (उप-कप्तान), धन्या नकरा, उदय चावला, गर्व कुमार, अभिराज गगन सिंह (विकेटकीपर), तरुण सिंह (विकेटकीपर), आर्यन शर्मा, ओजसदीप सिंह, किरीत कौशिक, वरुण वंजानी, रुद्र देव यादव, प्रद्युम्न सनन, पार्थ राज और शांतनु यादव. वीरेंद्र सहवाग के बेटे के लिए यह जिम्मेदारी इसलिए भी खास है क्योंकि अब तक उनकी पहचान एक युवा बल्लेबाज के तौर पर रही है. कप्तानी का यह मौका उनके खेल के अगले पहलू को परखने वाला होगा.