Delhi Gym Trainer Murder: दिल्ली के साउथ जिले के आया नगर इलाके में सोमवार सुबह दिनदहाड़े जिम ट्रेनर की गोली मारकर हत्या से सनसनी फैल गई. बताया जा रहा है कि दो आरोपियों ने जिम ट्रेनर पर करीब 10 से 12 राउंड फायरिंग की. गोलियों की ताबड़तोड़ आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. पुलिस अब CCTV फुटेज के जरिए दोनों हमलावरों की पहचान करने में जुटी है.
सुबह साढ़े 10 बजे अचानक बरसने लगीं गोलियां
जानकारी के मुताबिक, वारदात सोमवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे हुई. आया नगर इलाके में अचानक हुई गोलीबारी से लोग सहम गए. शुरुआती जानकारी के अनुसार, दो आरोपियों ने जिम ट्रेनर को निशाना बनाया और उस पर करीब 10 से 12 राउंड फायर किए. ताबड़तोड़ गोलीबारी में जिम ट्रेनर गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई. वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस को इसकी सूचना दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की. पुलिस ने मौके से जरूरी सबूत जुटाए हैं. अब आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान हो सके और उनके आने-जाने के रास्ते का पता लगाया जा सके. पुलिस के मुताबिक, हत्याकांड को दो आरोपियों ने मिलकर अंजाम दिया है. दोनों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है.
आपसी रंजिश के एंगल से भी जांच
शुरुआती जांच में पुलिस को हत्या के पीछे आपसी रंजिश की आशंका है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मृतक का किसी व्यक्ति से विवाद चल रहा था या नहीं. इसके अलावा हत्या के पीछे अन्य संभावित वजहों को भी जांच में शामिल किया गया है. फिलहाल हत्या की असली वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढ़ने और साक्ष्य सामने आने के बाद ही वारदात की पूरी वजह साफ हो पाएगी.
पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा शव
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के साथ CCTV फुटेज भी जांच का अहम हिस्सा है. एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है. दो आरोपियों ने मिलकर हत्याकांड को अंजाम दिया है और CCTV की मदद से उनकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस ने जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया है.