बॉलीवुड में मिस्टर पर्फेक्शनिस्ट के नाम से मशहूर दिग्गज अभिनेता आमिर खान ने अपनी निजी जिंदगी के बारे में खुलकर बात की है. एक्टर ने अपनी गर्लफ्रेंड गौरी स्प्रैट के बारे में भी चुप्पी तोड़ी है. उन्होंने स्वीकार किया कि गौरी से मिलकर वे खुद को भाग्यशाली मानते हैं और बताया कि उनका रिश्ता उन्हें बहुत शांति प्रदान करता है.
गौरी को लेकर क्या बोले आमिर खान?
नवभारत टाइम्स को दिए एक इंटरव्यू में आमिर ने अपनी निजी जिंदगी के बारे में बात की. साथ ही गौरी खान के साथ अपने रिश्ते के बारे में भी बताया. उन्होंने कहा, ‘मैं बहुत खुशनसीब हूं कि मेरी मुलाकात गौरी से हुई और हमारा रिश्ता शुरू हुआ. वो बहुत अच्छी हैं, उनके साथ मुझे सुकून मिलता है. हालांकि किरण राव और रीना दत्ता (मेरी पूर्व पत्नियों) के साथ भी मेरे रिश्ते बहुत गहरे थे, लेकिन बात नहीं बनी. जब आपने पूछा, तो मुझे लगा कि गौरी का मेरे जीवन में आना मेरे लिए बहुत बड़ी बात है. हम साथ में बहुत खुश हैं. मुझे लगता है अब जाकर मैं पूरा हुआ हूं.’
यह खबर भी पढ़ें: ‘धुरंधर’ की जोड़ी फिर से धमाल मचाने को तैयार? नए प्रोजेक्ट में व्यस्त हुए आदित्य धर, रणवीर सिंह के साथ फिर कर सकते हैं काम
‘अब मैं अपनी गलती सुधार रहा हूं’
अभिनेता ने आगे कहा, ‘एक गलती जिसे मैंने सुधारना शुरू कर दिया है, वह है अपने प्रियजनों और रिश्तों को पर्याप्त समय न देना. मैं 30-35 साल तक सिर्फ काम, फिल्म निर्माण और अभिनय का आदी रहा. कोविड महामारी के दौरान मुझे अपने जीवन का पुनर्मूल्यांकन करने का मौका मिला. उस समय मैं काम नहीं कर पा रहा था, तब मुझे एहसास हुआ कि मैंने बहुत कुछ खो दिया है और ऐसा समय दोबारा नहीं आएगा.’
कब से रिश्ते में हैं गौरी स्प्रैट और आमिर खान?
पिछले साल यानी 2025 मार्च में अपने 60वें जन्मदिन पर आमिर ने मुंबई में मीडिया से अपनी गर्लफ्रेंड गौरी स्प्रैट का परिचय कराया था. तब से वह गौरी के साथ कई कार्यक्रमों में शामिल हुए हैं. आमिर अपनी गर्लफ्रेंड से पूरे 15 साल बड़े हैं. दोनों का रिश्ता दर्शकों को काफी पसंद आता है.