Actress Aditi Bhatia: एक्ट्रेस अदिति भाटिया ने टीवी और फिल्मों में काफी काम किया और काफी लाइमलाइट बटोरी. इंडस्ट्री में उनकी खूबसूरती के काफी चर्चे रहे हैं. हालांकि उनकी खूबसूरती ही उनके लिए अभिशाप बन गई है. काफी ज्यादा सुंदर दिखने के कारण उन्हें रिजेक्शन झेलना पड़ा. उनके हाथों से कई प्रोजेक्ट्स निकल गए. हाल ही में उन्होंने पिंकविला में दिए इंटरव्यू में बताया कि वो लुक-सेंट्रिक रोल्स को अवॉइड करती हैं. ज्यादा सुंदर होने के कारण उन्हें कई बार रिजेक्ट किया गया.
करना चाहती हैं ऐसे रोल
उन्होंने बताया कि ब्यूटी स्पेस, ब्यूटी प्रोडक्ट्स और ब्यूटी मार्केट का हिस्सा बनकर वे काफी खुश हैं लेकिन बीते कई सालों से उन्हें कुछ ऐसे रोल्स को छोड़ना पड़ा, जो केवल लुक्स पर बेस्ड होते थे. उन्होंने बताया कि वे ऐसा कुछ काम करना चाहती हैं, जो उन्हें ही नहीं, लोगों को भी सरप्राइज करे. उनके ऐसे किरदार को लिए किसी ने कल्पना ही न की हो. वे ऐसे रोल्स करना चाहती हैं, जिससे उन्हें जज न किया जाए और ना ही वो रोल उनकी अपीयरेंस पर डिपेंड हो.
आर्टिस्ट के तौर पर बनाना चाहती हैं पहचान
उन्होंने कहा कि वे केवल एक सुंदर चेहरा बनकर नहीं दिखना चाहती हैं. उन्होंने कहा कि वे भले ही ये कहते हुए घमंडी लगें लेकिन वो बस इतना चाहती हैं कि उन्हें एक आर्टिस्ट के तौर पर समझा जाए न कि केवल खूबसूरती के लिए. उन्होंने कहा कि वे 10/10 एक्टिंग करती हैं. इसके बावजूद भी लोग कहते हैं कि किसी और को कास्ट करना चाहिए था, जो रोल में नेचुरल दिख सकता है. लेकिन मैं जानती हूं कि मैं भी उस रोल में ढल सकती हूं.
द केरल स्टोरी 2 में नजर आई थीं अदिति
अदिति का कहना है कि लोगों ने उनकी खूबसूरती इंस्टाग्राम फोटोज में काफी देखी है. ऐसे में वे ऐसे रोल्स नहीं करना चाहतीं, जो स्क्रीन पर केवल खूबसूरती परोसे. अगर अदिति भाटिया की फिल्मों की बात करें, तो वे द केरल स्टोरी 2 में नजर आई थीं. इस फिल्म को कामाख्या नारायण सिंह ने बनाया था.