Bigg Boss 20 के घर में रिश्तों की तस्वीर बदलती जा रही है. यहां अक्सर कंटेस्टेंट्स के बीच प्यार, दोस्ती और झगड़े देखने को मिल रहे हैं. कई बार घर में छोटी-छोटी बातों को लेकर बड़ा विवाद हो जाता है. वहीं सोशल मीडिया पर अगले एपिसोड के लिए जो प्रोमो शेयर किया गया है, उसमें आम्रपाली दुबे और अरिश्फा खान के बीच जमकर झगड़ा होता दिखेगा. दोनों की नोकझोंक इतनी बढ़ गई कि बात एक-दूसरे से बातचीत न करने तक पहुंच गई.
दरअसल, वीकेंड का वार में सलमान खान ने घरवालों को साफ शब्दों में समझाया था कि सिर्फ घर में रहना काफी नहीं है. उन्हें अपने खेल और व्यवहार से दर्शकों का ध्यान खींचना होगा. इसके बाद आम्रपाली और अरिश्फा के बीच हुई बहस ने घर का माहौल गरमा दिया.
आम्रपाली ने उठाए सवाल
जियो हॉटस्टार पर सामने आए प्रोमो में आम्रपाली दुबे अरिश्फा से कहती नजर आती हैं कि घर के कुछ लोग उनसे और उदिति से बात करने में भी हिचकते हैं. उन्हें डर रहता है कि पता नहीं किस बात का बुरा मान लिया जाए. इस पर अरिश्फा जवाब देती हैं कि उनसे कोई नहीं डरता और घर के सभी लोग उनसे बात करते हैं सिर्फ आम्रपाली और उदिति को छोड़कर. इसके बाद दोनों के बीच बहस तेज हो जाती है. आम्रपाली आरोप लगाती हैं कि अरिश्फा अक्सर लोगों के परिवार और संस्कार को चर्चा में ले आती हैं. वह यहां तक कहती हैं कि अगर उन्हें आम्रपाली के संस्कार पसंद नहीं हैं तो वह उनसे बात न करें.
अरिश्फा ने बताया हिपोक्रेट
बात यहीं खत्म नहीं होती. बहस के दौरान अरिश्फा आम्रपाली को ‘हिपोक्रेट’ कह देती हैं. वहीं आम्रपाली भी पलटकर कहती हैं कि Bigg Boss का घर कोई शॉर्ट वीडियो प्लेटफॉर्म नहीं है. यह सुनकर अरिश्फा और ज्यादा नाराज हो जाती हैं और कहती हैं कि उन शॉर्ट वीडियोज से उनका घर चलता है. दोनों के बीच तीखी बहस जारी रहती है और कुछ घरवाले इस झगड़े को शांत करने की कोशिश करते हैं.
लड़ाई के बाद बातचीत भी बंद
इस विवाद के बाद सामने आए एक और प्रोमो में अरिश्फा कहती नजर आती हैं कि अब उन्हें आम्रपाली से चिढ़ होने लगी है. वह साफ कहती हैं कि वह आगे आम्रपाली से बात नहीं कर पाएंगी. सोशल मीडिया पर भी इस झगड़े को लेकर जमकर चर्चा हो रही है. कुछ यूजर्स आम्रपाली के समर्थन में नजर आए, जबकि कई लोगों ने अरिश्फा का साथ दिया. एक यूजर ने अरिश्फा को मजबूत रहने की सलाह दी, वहीं कुछ लोगों ने सवाल उठाया कि हर बहस में ‘संस्कार’ की बात क्यों लाई जा रही है.