थिएटर्स में इन दिनों कई फिल्में दिखाई जा रही हैं. सोमवार के दिन बॉक्स ऑफिस पर किसी भी फिल्म ने कुछ खास कमाई नहीं की. ‘भूत बंगला’ ने जहां रविवार के दिन अच्छी कमाई की, तो वहीं मंडे टेस्ट में यह फेल हो गई. इसके अलावा ‘माइकल’, ‘धुरंधर 2’ और ‘डकैत’ की कमाई में भी भारी गिरावट आई. जानें क्या रहा फिल्मों का कलेक्शन.
‘भूत बंगला’ की गिरी कमाई
अक्षय कुमार की फिल्म ‘भूत बंगला’ की कमाई में भारी गिरावट देखने को मिली है. इस फिल्म ने बीते दिन सोमवार यानी 27 अप्रैल को बॉक्स ऑफिस पर 3.65 करोड़ कमाए. वहीं, इसने रविवार को 12.50 करोड़ रुपये की शानदार कमाई की थी. फिल्म की कुल कमाई की बात करें, तो इसने अभी तक 117.05 करोड़ रुपये कमा लिए हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म का कुल बजट 120 करोड़ रुपये है. यानी कि बहुत जल्द फिल्म अपने बजट के आंकड़े को पार कर लेगी. इस फिल्म में अक्षय कुमार, परेश रावल, राजपाल यादव, तब्बू जैसे दिग्गज कलाकार नजर आ रहे हैं.
मंडे टेस्ट में फेल हुई ‘माइकल’
हिंदी फिल्मों के बीच एक हॉलीवुड फिल्म ‘माइकल’ भी सिनेमाघरों में दिखाई जा रही है. जो प्रसिद्ध गायक और डांसर माइकल जैक्सन की बायोपिक है. इस फिल्म ने रविवार को 5.50 करोड़ रुपये कमाकर अच्छा कलेक्शन किया था. लेकिन बीते दिन सोमवार को फिल्म ने मात्र 2.25 करोड़ रुपये कमाए. फिल्म ने चार दिनों में बॉक्स ऑफिस पर कुल 18.75 करोड़ रुपये कमा लिए हैं.
यह खबर भी पढ़ें: अमिताभ को ‘सर’ ना कहना कादर खान को पड़ गया भारी, फिल्मों से किए गए बाहर; खुद एक्टर ने किया था खुलासा
लाखों में सिमट कर रह गई ‘गिन्नी वेड्स सनी 2’
चौथे दिन 13 लाख रुपये कमाए, वहीं तीसरे दिन 38 लाख रुपये की कमाई की थी. अविनाश तिवारी और मेधा शंकर अभिनीत फिल्म ‘गिन्नी वेड्स सनी 2’ की कमाई लाखों में हो रही है. इस फिल्म ने चौथे दिन यानी सोमवार को 13 लाख रुपये कमाए. वहीं तीसरे दिन इसने 38 लाख रुपये की कमाई की थी. फिल्म का हालत बहुत पस्त नजर आ रही है.
40वें दिन फीका पड़ा ‘धुरंधर 2’ का बाजार
रणवीर सिंह अभिनीत फिल्म ‘धुरंधर 2’ को सिनेमाघरों में रिलीज हुए 40 दिन हो चुके हैं. फिल्म ने बीते दिन सोमवार यानी 27 अप्रैल को बॉक्स ऑफिस पर 1.05 करोड़ रुपये कमाए. वहीं इसने रविवार को 3.40 करोड़ रुपये कमाए थे. फिल्म ने अभी तक कुल 1,131.64 करोड़ कमा लिए हैं. वहीं डकैत की बात करें, तो इसने रिलीज के 18वें दिन इस फिल्म ने 24 लाख रुपये कमाए. इस हिसाब से फिल्म का कुल कलेक्शन 50 करोड़ रुपये हो गया है.