अपनी गायकी और एक्टिंग से पूरी दुनिया में धमाल मचाने वाले पंजाबी सुपरस्टार दिलजीत दोसांझ (Diljit Dosanjh) इन दिनों अपने एक मजेदार वायरल वीडियो को लेकर चर्चा में हैं. हाल ही में दिलजीत ने जापान की यात्रा से एक रील शेयर की है, जिसमें वह जापान की साफ-सफाई, वहां के खाने और एक ज्वैलरी शॉप पर मस्ती करते नजर आ रहे हैं. लेकिन इस ट्रिप पर उनके साथ एक ऐसी मजेदार घटना घटी, जिसे देखकर आपकी भी हंसी छूट जाएगी. आइए जानते हैं कि जापान में दिलजीत दोसांझ के साथ आखिर क्या-क्या मजेदार वाकया हुआ.
जापान में कचरे का डिब्बा ढूंढ़ना हुआ मुश्किल
जापान अपनी साफ-सफाई के लिए पूरी दुनिया में मशहूर है, लेकिन यही सफाई दिलजीत दोसांझ के लिए एक बड़ी मुसीबत बन गई. दरअसल, जापानी सुपरमार्केट से दो मशहूर आइसक्रीम खरीदने के बाद दिलजीत के सामने एक अजीब समस्या आ गई. आइसक्रीम खाने के बाद जब उन्हें उसका रैपिड (कचरा) फेंकने के लिए डस्टबिन की जरूरत पड़ी, तो उन्हें आसपास दूर-दूर तक कोई कूड़ेदान नहीं दिखा. इस पर मजाकिया अंदाज में दिलजीत ने कहा, ‘हाय फ्रेंड्स, कुल्फी उठा ली है हमने दो. जापान की मशहूर आइसक्रीम. ये पंगा बढ़ गया जापान में आते ही, मजे-मजे में आइसक्रीम खा बैठे हैं, कचरा पेटी नहीं मिल रहा है. कोई टोकरी, कोई कूड़ेदान जापान में नहीं है?’ थोड़ी देर बाद जब उन्हें फिर से भूख लगी और उन्होंने दूसरा स्नैक्स खाया, तो फिर वही पुरानी समस्या सामने आ गई. उन्होंने हंसते हुए कहा, ‘चलो छोड़, ये कचरे को… मुझे भूख लग गई है. हर 10 मिनट में मुझे भूख लगती है. चक्कर तो फिर वही पड़ गया कि पैकेट कहां फेंकू? जापान इतना साफ है कि कचरा पेटी ही साफ कर दिए हैं.’
जापान में शादी की अंगूठी बनवाने पहुंचे दिलजीत
वीडियो में आगे दिलजीत दोसांझ एक स्थानीय ज्वैलरी शॉप पर नजर आते हैं, जहां वह अपनी शादी की अंगूठी (Wedding Ring) बनवाने पहुंचे थे. ज्वेलर के साथ उनकी बातचीत बेहद मजेदार थी. ‘लो भइया, हम आ गए अपनी शादी की मुंदरी बनवाने. हम जौनपुर से नहीं, जापान से बना रहे हैं मुंदरी.’ज्वेलर की सेल्समैनशिप देखकर दिलजीत ने चुटकी लेते हुए कहा कि वह उन्हें पूरा स्टोर ही बेचना चाहती है. उन्होंने मजाकिया लहजे में कहा कि ज्वेलर उन्हें कह रही है कि वह ऐसी अंगूठी बनाएगी जिसे लेडी गागा या एरियाना ग्रांडे भी पहन सकें. इस पर दिलजीत ने जवाब दिया- तू मुंदरी बना, साडे भांडे न बिका दें. (यानी अपनी चीजें हमें मत बेच देना).
मछली कहकर सांप ना खिला दियो भाई…
दिलजीत दोसांझ अपने खाने-पीने के शौकीन अंदाज के लिए जाने जाते हैं. जापान में 10 मिनट बाद ही उन्हें फिर से भूख लग गई और वह एक जापानी रेस्तरां जा पहुंचे. वहां शेफ को खाना बनाते देख दिलजीत ने ग्रेवी और करी को लेकर फिर से मजेदार चुटकी ली. दिलजीत ने कहा, ‘ओए, देखो किथे कुछ और ना खिला दियो दोसांझ वाले नू. बंदे को जब भूख लगी हो, बंदा बंदे को खा जाता है. मैं तो फिर भी चलो मछलियां ही खा रहा हूं. यम यम यम.’
वर्क फ्रंट की बात
अगर वर्क फ्रंट की बात करें, तो दिलजीत दोसांझ हाल ही में फिल्म ‘सतलुज’ (Satluj) में नजर आए थे, हालांकि रिलीज के तुरंत बाद ही इसे ZEE5 से हटा लिया गया था. लेकिन इन दिनों उनकी जापान यात्रा का यह वीडियो सोशल मीडिया पर फैंस का खूब मनोरंजन कर रहा है.
ये भी पढ़ें:- जान हथेली पर रखकर स्कूल जाते हैं बच्चे; सैलाब वाली नदी में ‘मौत से सामना’ करते मासूमों का वायरल हुआ खौफनाक वीडियो!