Hanuman Ansh Box Office Collection: कम बजट की फिल्मों की सफलता की जब भी बात होगी, तो हनुमान अंश का नाम भी जरूर लिया जाएगा. आध्यात्मिक गुरु नीम करौली बाबा के जीवन और उनकी शिक्षाओं से प्रेरित इस भक्ति फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर ऐसा कमाल किया है, जिसकी शायद किसी ने उम्मीद नहीं की थी. 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी हनुमान अंश ने अब तक 200 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है.
खास बात यह है कि फिल्म ने शुरुआत में बिल्कुल भी ऐसा संकेत नहीं दिया था कि यह आगे चलकर इतनी बड़ी हिट साबित होगी. रिलीज के पहले दिन फिल्म ने सिर्फ करीब 10 लाख रुपये कमाए थे. शुरुआती दो हफ्तों में भी इसका कुल कलेक्शन लगभग 1.48 करोड़ रुपये ही रहा लेकिन इसके बाद कहानी पूरी तरह बदल गई.
तारीफ और सोशल मीडिया बना पीआर
फिल्म को देखने वाले दर्शकों ने इसकी तारीफ करनी शुरू की और धीरे-धीरे इसकी चर्चा बढ़ती गई. सोशल मीडिया और लोगों की जुबानी तारीफ का फायदा फिल्म को सिनेमाघरों में मिला. 16वें दिन से इसकी कमाई में अचानक बड़ा उछाल देखने को मिला. इसके बाद तीसरे, चौथे और पांचवें हफ्ते में फिल्म ने उम्मीद से कहीं ज्यादा कारोबार किया. चौथे हफ्ते में फिल्म ने लगभग 61 करोड़ रुपये कमाए. वहीं पांचवें हफ्ते में इसकी कमाई बढ़कर लगभग 90 करोड़ रुपये पहुंच गई. छठे हफ्ते में भी फिल्म की रफ्तार कम नहीं हुई. रिलीज के 36वें दिन यानी शुक्रवार को ही फिल्म ने करीब 10.50 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया. इसके साथ भारत में फिल्म की कुल नेट कमाई करीब 174 करोड़ रुपये हो गई.
‘मिर्जापुर: द मूवी’ से भी आगे निकली
‘हनुमान अंश’ की खास बात सिर्फ इसका कुल कलेक्शन नहीं है. रिलीज के छठे हफ्ते में भी फिल्म की शुक्रवार की कमाई ने नई रिलीज को पीछे छोड़ दिया. शुक्रवार को ‘हनुमान अंश’ ने लगभग 10.50 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया. वहीं ‘मिर्जापुर: द मूवी’ की कमाई लगभग 9.50 करोड़ रुपये रही. इस तरह से इस दिन ‘हनुमान अंश’ ने नई रिलीज को भी पीछे छोड़ दिया.
‘हैवान’ की शुरुआत रही धीमी
वहीं, प्रियदर्शन की फिल्म ‘हैवान’ बॉक्स ऑफिस पर इन दोनों फिल्मों से पीछे नजर आई. फिल्म में सैफ अली खान और अक्षय कुमार जैसे बड़े सितारे हैं लेकिन शुरुआती दिन इसकी कमाई उम्मीद के मुताबिक नहीं रही. रिपोर्ट के मुताबिक, ‘हैवान’ ने पहले दिन लगभग 3 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया. इस तरह बड़े सितारों वाली नई रिलीज के मुकाबले कम बजट की हनुमान अंश की कमाई ने सबका ध्यान खींच लिया.
ये भी पढ़ें: Hanuman Ansh Actor: हनुमान अंश’ की सफलता से चमकी किस्मत, अब बॉलीवुड के दो खानों के साथ काम करेंगे ये एक्टर