Ludhiana Religion Conversion: लुधियाना में बाइक राइडिंग के दौरान दोस्ती और फिर प्रेम विवाह करने वाली एक युवती ने अपने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं. युवती और उसके परिवार का दावा है कि शादी के बाद उसे धोखे में रखकर धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर किया गया. इसके अलावा, दहेज में 10 लाख रुपये मांगने, मारपीट करने और प्रताड़ित करने के आरोप भी लगाए गए हैं. फिलहाल, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.
बाइक राइडिंग के दौरान हुई थी मुलाकात
परिवार के मुताबिक, युवती की मुलाकात बाइक राइडिंग के दौरान एक युवक से हुई थी. दोनों के बीच दोस्ती हुई और बाद में रिश्ता प्रेम विवाह तक पहुंच गया. आरोप है कि युवक ने शुरुआत में खुद को जटसिख बताया था. परिवार की सहमति के बाद 2 सितंबर 2026 को संत विहार स्थित शनि शिव मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से दोनों की शादी हुई. इसके बाद 5 सितंबर को युवती की विदाई की गई.
ससुराल पहुंचने पर सामने आई नई बात
युवती के मुताबिक, 5 अक्टूबर को जब वह ससुराल पहुंची, तो घर के निचले हिस्से में दूसरे धर्म से जुड़ा एक स्थान था. आरोप है कि उसके ससुर ने शादी को स्वीकार करने से इनकार कर दिया और उसे अपना धर्म अपनाने की शर्त रखी.
स्विमिंग पूल में डुबकी लगवाकर धर्म परिवर्तन कराने का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि उसका ससुर उसे घर की तीसरी मंजिल पर बने स्विमिंग पूल में ले गया और पानी में डुबकी लगवाकर धर्म परिवर्तन कराया. युवती ने यह भी आरोप लगाया कि इस दौरान उसके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और घटना का वीडियो बनाया गया.
ये भी पढ़ें: Shiva Murder Case: हत्यारन मॉडल श्रद्धा के प्यार में 3 आशिकों ने खाया जहर, फिर छोड़कर भागी मुंबई; एक की तो ले ली जान?
पति के संबंधों और दहेज को लेकर भी आरोप
युवती के मुताबिक, उसके पति की छाती पर किसी दूसरी युवती के नाम का टैटू बना हुआ था. बाद में उसे पति के दूसरी युवती से संबंध होने की जानकारी मिली. उसने ससुराल पक्ष पर 10 लाख रुपये और दहेज की मांग करने का भी आरोप लगाया है. पीड़िता का दावा है कि मांग पूरी नहीं होने पर उसे प्रताड़ित किया गया और घर से निकाल दिया गया. मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच और संबंधित पक्षों के जवाब के बाद ही हो सकेगी.