Salman Khan YouTube Channel: बॉलीवुड के भाईजान सलमान खान एक बार फिर चर्चा में हैं. फिल्मों, गानों और टीवी पर अपना जलवा दिखाने के बाद अब सलमान ने यूट्यूब की दुनिया में भी कदम रख लिया है. एक्टर ने अपने ऑफिशियल यूट्यूब चैनल का ऐलान किया है, जिस पर कई मजेदार कॉमेडी वीडियो मौजूद हैं. सलमान के इस नए अंदाज को देखकर फैंस भी हैरान हैं. ऐसे में सवाल है कि आखिर सुपरस्टार ने यूट्यूब पर आने का फैसला क्यों किया?
सलमान खान ने किया अपने यूट्यूब चैनल का ऐलान
सलमान खान ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर स्टोरी शेयर करके अपने ऑफिशियल यूट्यूब चैनल की जानकारी दी. उन्होंने लिखा, शुरू से शुरू करते हैं- मेरा ऑफिशियल यूट्यूब चैनल. A से Z तक सब मिलेगा यहां. इसके साथ उन्होंने चैनल का लिंक भी शेयर किया. उनके इस ऐलान के बाद फैंस के बीच काफी उत्साह देखने को मिल रहा है.
चैनल पर दिखा सलमान का मजेदार अंदाज
सलमान के यूट्यूब चैनल पर करीब 10 शॉर्ट कॉमेडी वीडियो अपलोड किए गए हैं. इनमें एक्टर हाफ पैंट पहनकर बच्चों जैसी हरकतें करते नजर आते हैं. वीडियो के टाइटल भी काफी मजेदार हैं, जिनमें रिवीजन का टाइम मिलेगा या नहीं, सर, मे आई गो टॉयलेट और टंग से क्या करते हैं जैसे नाम शामिल हैं. चैनल पर फैंस के लाइक्स और कमेंट्स भी दिखाई दे रहे हैं.

तेजी से बढ़ रहे सब्सक्राइबर्स
खबर लिखे जाने तक सलमान के चैनल पर 11 हजार से ज्यादा सब्सक्राइबर्स हो चुके थे. चैनल की जानकारी के मुताबिक, इसे 22 सितंबर 2026 को बनाया गया था, जबकि वीडियो 5 से 8 अक्टूबर के बीच अपलोड किए गए. वीडियो में सलमान का लुक उनके मौजूदा अंदाज से काफी अलग और युवा दिखाई देता है. इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि इस चैनल की तैयारी पहले से चल रही थी.
आखिर क्यों शुरू किया नया सफर?
सलमान खान पहले से ही फिल्मों और टीवी की दुनिया में बड़ा नाम हैं. वह बिग बॉस की मेजबानी भी करते हैं और उनकी फिल्म मातृभूमि को लेकर भी चर्चा है. ऐसे में यूट्यूब पर उनकी एंट्री एक नया प्रयोग मानी जा रही है. हालांकि, उन्होंने चैनल शुरू करने के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं की है. अब देखना दिलचस्प होगा कि भाईजान अपने इस नए प्लेटफॉर्म पर आगे किस तरह के वीडियो लेकर आते हैं.