Intimacy During Period: सौम्या (काल्पनिक नाम) अब 22 साल की हो चुका थी. वो अविवाहित जरूर थी, लेकिन एक लड़के साथ संबंध स्थापित कर चुकी थी. एक बार की बात है कि, सौम्या पीरियड्स से थी. लेकिन, सिचुएशन कुछ ऐसी बनी कि, उसे दोस्त के साथ इंटीमेट होना पड़ा. सौम्या दोस्त का दिल दुखाना नहीं चाहती थी, इसलिए मना नहीं कर सकी. लेकिन, उसके अंदर सवाल तमाम पैदा हो चुके थे. दो दिन तक वो गहरी सोच में रही. दूर से देखने में समझ आ रहा था कि उसकी सेहत कुछ ठीक नहीं है. फिर उसने एक दिन डॉक्टर से बता करने की ठानी. फिर क्या था, अगले ही दिन डॉक्टर के पास जा धमकी. इस दौरान सौम्या का सबसे पहला सवाल था कि, पीरियड्स में इंटीमेट होना कितना सुरक्षित? पीरियड्स में मैंने संबंध बना लिए तो क्या मैं प्रेगनेंट हो जाऊंगी? आइए जानते हैं इस पर डॉक्टर ने क्या कहा-
अहमदाबाद, गुजरात में चीफ कंसल्टेंट सेक्सोलॉजिस्ट डॉ. पारस शाह ने इस मुद्दे पर पिछले दिनों नेटवर्क18 पर खुलकर बात रखी. डॉक्टर कहते हैं कि, यह सवाल बहुत कॉमन और महत्वपूर्ण है. ज्यादातर लड़कियों के मन में यह सवाल आता है कि, क्या पीरियड्स के दौरान असुरक्षित संबंध बनाने से भी प्रेगनेंट होने की आशंका होती है? कहने का मतलब आप अकेले नहीं हैं. इसलिए घबराने की बजाय विज्ञान को समझना होगा.
2 स्टेप में समझें, पीरियड्स और प्रेग्नेंसी का विज्ञान
पीरियड्स और प्रेग्नेंट का संबंध जानने के लिए इसका विज्ञान समझिए. डॉक्टर कहते हैं कि, प्रेग्नेंसी होती कैसे है? इसके लिए दो चीजें जरूरी है, जिनमें से किसी भी एक की अनुपस्थिति में प्रेग्नेंसी मुमकिन नहीं. पहला, स्त्री और पुरुष के बीच यौन संबंध यानी संभोग और दूसरा शरीर में एग और स्पर्म की उपस्थिति और उनका मिलन.
अब दूसरा कि, महिलाओं को पीरियड्स होते क्यों हैं? डॉक्टर कहते हैं कि, स्त्री के प्रजनन अंग यानी अंडाशय से हर महीने अंडाणु बाहर निकलते हैं और फैलोपियन ट्यूब में जाते हैं. वहां आठ दिनों तक अंडाणु स्पर्म यानी शुक्राणु से मिलन की प्रतीक्षा करते हैं. पीरियड्स शुरू होने के बाद 12वें से लेकर 18वें दिन तक का समय सबसे उर्वर यानी फर्टाइल माना जाता है. इस दौरान संबंध बने तो गर्भ ठहरने की संभावना सबसे ज्यादा होती है. 25 दिनों के चक्र के दौरान जब अंडाणु और शुक्राणु का मिलन नहीं होता तो अंडाणु टूटकर गर्भाशय में आ जाते हैं और फिर मासिक चक्र यानी पीरियड्स शुरू हो जाते हैं. एक मासिक चक्र खत्म होने के बाद नए सिर से अंडाणु के बनने और फैलोपियन ट्यूब में आने की प्रक्रिया शुरू होती है.
पीरियड्स में प्रेग्नेंसी का चांस कितना
इस पूरे विज्ञान को देखने के बाद, पीरियड्स के दौरान असुरक्षित सेक्स से प्रेगनेंट होने की संभावना लगभग शून्य होती है. लेकिन फिर भी इस बात का दावा नहीं किया जा सकता कि प्रेग्नेंसी बिलकुल नहीं हो सकती है. कई बार किसी अन्य कारण से हो रही ब्लीडिंग को अगर पीरियड समझकर उस दौरान संबंध बनाया जाए तो भी प्रेग्नेंट होने के पूरे चांस हैं. इसलिए बेहतर होगा कि चाहे पीरियड हों या न हों, हर बार सुरक्षित यौन संबंध ही बनाया जाए.