Delhi CJP Protest What’s Open and Closed: दिल्ली में 10 अक्टूबर को होने वाले कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन से पहले सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति नहीं मिलने के बाद पुलिस अलर्ट पर है. मेट्रो के 57 स्टेशनों पर पाबंदियों, शराब की दुकानों को दो दिन बंद रखने और स्कूल-कॉलेजों में बदलाव की खबरों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है. हालांकि, दिल्ली पूरी तरह बंद नहीं रहेगी. कोर्ट, बाजार, स्कूल, मेट्रो और ट्रेनों को लेकर अलग-अलग फैसले किए गए हैं. ऐसे में अगर आप 10 अक्टूबर को दिल्ली में कहीं जाने की योजना बना रहे हैं, तो घर से निकलने से पहले जान लें कि क्या खुला रहेगा और कहां पाबंदियां लागू हो सकती हैं.
क्या बंद रहेगा और क्या खुला रहेगा?
10 अक्टूबर 2026 को दिल्ली में CJP के विरोध-प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. इसके चलते रेलवे, मेट्रो, शराब की दुकानों और जंतर-मंतर पर कुछ पाबंदियां लगाई गई हैं. ऐसे में अगर आप दिल्ली में रहते हैं या कहीं जाने का प्लान बना रहे हैं, तो पहले जान लें कि क्या बंद रहेगा और क्या खुला रहेगा.
1. दिल्ली के इन 2 रेलवे स्टेशनों पर ट्रेनें रद्द
10 अक्टूबर को सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे तक नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशनों पर आने वाली मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें रद्द रहेंगी. यह फैसला प्रदर्शन के कारण आसपास के इलाकों में जाम लगने की आशंका को देखते हुए लिया गया है. यात्रियों के लिए जरूरी सलाह: स्टेशन जाने से पहले अपनी ट्रेन का स्टेटस जरूर चेक कर लें.
2. दिल्ली मेट्रो के 57 स्टेशन बंद
दिल्ली पुलिस ने DMRC से 57 मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार बंद करने पर विचार करने को कहा है. ये पाबंदियां 9 अक्टूबर की रात 9 बजे से लागू करने का प्रस्ताव है और स्थिति सामान्य होने तक जारी रह सकती हैं. इनमें राजीव चौक, केंद्रीय सचिवालय, नई दिल्ली, पटेल चौक, जनपथ, मंडी हाउस, आईटीओ, सुप्रीम कोर्ट, कश्मीरी गेट, हौज खास और लाजपत नगर जैसे स्टेशन शामिल हैं. ध्यान दें कि इसका मतलब पूरी दिल्ली मेट्रो बंद होना नहीं है. यात्रा से पहले DMRC का आधिकारिक अपडेट जरूर देखें.
3. 10 अक्टूबर को शराब की दुकानें बंद
दिल्ली में आबकारी विभाग के आदेश के अनुसार, 9 और 10 अक्टूबर को खुदरा शराब की दुकानें बंद रहेंगी. इसमें भारतीय, विदेशी और देशी शराब बेचने वाली दुकानें शामिल हैं. कुछ मॉल में मौजूद शराब की दुकानें भी बंद रहेंगी. हालांकि, उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, लाइसेंस प्राप्त रेस्तरां, बार और क्लब में शराब परोसने पर रोक लगाने का कोई आदेश जारी नहीं किया गया है.
4. जंतर-मंतर पर जाने की अनुमति नहीं
CJP के प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया है. यहां तक कि मीडियाकर्मियों को भी प्रदर्शन स्थल तक जाने की अनुमति नहीं दी गई है. आसपास के रास्तों पर बैरिकेडिंग की गई है.
5. क्या बाजार और ऑफिस भी बंद रहेंगे?
फिलहाल दिल्ली के सभी बाजारों, दुकानों, ऑफिस और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को बंद करने का कोई व्यापक आदेश नहीं बताया गया है. रेस्तरां, बार और क्लब भी सामान्य रूप से खुल सकते हैं. हालांकि, स्थानीय स्तर पर प्रतिबंध लग सकते हैं. इसलिए घर से निकलने से पहले ट्रैफिक और मेट्रो की ताजा जानकारी जरूर चेक करें.
क्यों हो रहा दिल्ली में प्रदर्शन?
विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में कथित गड़बड़ियों को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और कुछ अन्य संगठनों ने 10 अक्टूबर 2026 को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने का ऐलान किया है. प्रदर्शनकारी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं. हालांकि, दिल्ली पुलिस ने इस प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया है. शुक्रवार को दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि CJP और कुछ छात्र संगठनों को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की इजाजत नहीं दी गई है. इस फैसले के बाद प्रदर्शन को लेकर सवाल उठने लगे हैं. वहीं, दिल्ली में प्रस्तावित प्रदर्शन पर अभिजीत दिपके ने कहा कि जंतर-मंतर विरोध-प्रदर्शन के लिए तय जगह है, इसलिए यहां प्रदर्शन करने के लिए पुलिस की अनुमति की जरूरत नहीं होनी चाहिए. इस मुद्दे पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच विवाद बढ़ने की आशंका है.
ये भी पढ़ें: Jantar Mantar Gen Z Protest: दिल्ली जाने का है प्लान? 250 से ज्यादा ट्रेनें रद्द, यात्रियों के लिए बड़ा अलर्ट
ये भी पढ़ें: Delhi Protest: ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी, 30 रास्तों पर डायवर्जन; घर से निकलने से पहले देख लें लिस्ट
ये भी पढ़ें: Delhi Protest: आज रात 9 बजे से बंद रहेंगे 57 मेट्रो स्टेशन, जारी किया गया नाम; देखें लिस्ट