PM Modi Video: दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान कई बच्चों द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को अपशब्द कहा गया था. उसके बाद पीएम मोदी ने वीडियो बनाकर उन सबको माफ कर दिया, जिन्होंने उन्हें और उनकी मां को गाली दी थी. एक वायरल वीडियो में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ अपशब्द कहने पर जिस 15 साल की लड़की के खिलाफ FIR दर्ज की गई थी, उसकी मां ने कहा है कि वह अपनी बेटी को ‘माफ करने’ के लिए पीएम मोदी की शुक्रगुजार हैं. उन्होंने कहा कि इससे उस लड़की को नई जिंदगी मिली है.
यह बात पीएम मोदी के उस वीडियो मैसेज के एक दिन बाद कही गई, जिसमें उन्होंने कहा था कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के नेतृत्व में हुए हालिया ‘पेपर लीक विरोधी’ विरोध प्रदर्शन के दौरान उन्हें अपशब्द कहने वाले बच्चों को वह माफ करते हैं. इस घटना के कारण एफआईआर का सामना करने वाली लड़की की मां के लिए प्रधानमंत्री के बयान ने उनकी बेटी को एक दूसरा मौका दिया है.
लड़की की मां ने क्या कहा?
लड़की की मां ने समाचार एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए कहा कि पीएम मोदी ने उस बच्ची को माफ करके अपनी महानता दिखाई है जिसने इतने गंदे और अश्लील शब्दों का इस्तेमाल किया था. आज उसका जन्मदिन है और पीएम मोदी ने उसे सबसे बड़ा तोहफा दिया है: जीवनदान. आज इस लड़की का पुनर्जन्म हुआ है. पीएम मोदी ने शुक्रवार को इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया और कहा कि वह विरोध प्रदर्शन के दौरान उन्हें अपशब्द कहने वाले बच्चों को माफ करते हैं. उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि ‘गुस्से या बदले की भावना’ से उन बच्चों के मामले का हल निकलेगा, जिन्हें उन्होंने ‘गुमराह’ बताया.
इसके अलावा, उन्होंने कहा कि कभी-कभी हमारी जीभ दांतों के नीचे आ जाती है और खून निकल आता है, लेकिन हम अपने दांत नहीं तोड़ते, क्योंकि दांत भी हमारे हैं और जीभ भी हमारी है. बच्चे भी हमारे ही हैं.
यह भी पढ़ें – जब कोई बात बिगड़ जाए…कुमार सानू ने सुरीली आवाज में इस गाने को गाकर प्रेमानंद महाराज का जीता दिल
पीएम मोदी ने इस चीज के लिए आमंत्रित
छात्रों से इस घटना को पीछे छोड़ने का आग्रह करते हुए पीएम मोदी ने उन्हें राष्ट्र-निर्माण में योगदान देने के लिए आमंत्रित किया. उन्होंने कहा कि बच्चों, आओ, हम सब मिलकर देश के लिए आगे बढ़ें. कुछ नया सीखें, गलतियों से भी सीखें… मैं तुम्हारे लिए जीता हूं, तुम्हारे उज्ज्वल भविष्य के लिए मेहनत करता हूं, इसलिए आओ, हम सब मिलकर देश को आगे ले जाएं.
लड़की ने मांगी माफी
जिस लड़की ने पीएम मोदी और उनकी मां के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल किया था, उन्होंने भी वीडियो बनाकर इसको लेकर माफी मांगी है. उन्होंने अपने वीडियो में कहा कि वह कनॉट प्लेस घूमने के बाद दोस्तों के साथ विरोध प्रदर्शन में गई थी और अपने आस-पास के लोगों से प्रभावित हो गई थी, जो पीएम मोदी के खिलाफ अपशब्दों वाले नारे लगा रहे थे.
इसे अपनी पहली और आखिरी गलती बताते हुए उसने कहा कि मैं पूरे देश से माफी मांगती हूं. मुझे बहुत शर्मिंदगी हो रही है. मैं खुद को देख भी नहीं पा रही हूं. कृपया मुझे माफ कर दें. माफी मांगने के बावजूद 23 जुलाई के विरोध प्रदर्शन कथित तौर पर अपमानजनक नारे लगाने के लिए नोएडा के एक पुलिस थाने में उस लड़की के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई थी. नोएडा पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज की, जिसे बाद में नई दिल्ली के पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन भेज दिया गया.
यह भी पढ़ें – Omar Abdullah Payal Divorce: उमर अब्दुल्ला और पायल के तलाक की अर्जी को सुप्रीम कोर्ट ने दी मंजूरी