Karnataka Crocodile Attack on Woman: कर्नाटक के एक जिले से हैरान करने वाली घटना सामने आई है. यहां आत्महत्या की कोशिश में एक महिला ने कुमारधारा नदी में छलांग लगा दी. इसी दौरान पानी में मौजूद मगरमच्छ ने उस पर हमला कर दिया. मगरमच्छ के काटने से महिला को मामूली चोटें आईं. उसकी चीख सुनकर स्थानीय लोगों और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया.
पुलिस के मुताबिक, यह घटना बुधवार रात कुक्के सुब्रमण्या में कुमारधारा पुल के पास हुई. बताया जा रहा है कि महिला कुछ निजी परेशानियों से जूझ रही थी. इसी वजह से उसने अपनी जान देने के इरादे से नदी में छलांग लगा दी थी.
मगरमच्छ के हमले के बाद महिला ने लगाई मदद की गुहार
पुलिस के अनुसार, महिला जब नदी में थी, तभी मगरमच्छ ने उसे काट लिया. हमले में उसे मामूली चोटें आईं. इसके बाद महिला जोर-जोर से चिल्लाकर मदद मांगने लगी.उसकी आवाज पास के एक लॉज में काम करने वाले कर्मचारियों ने सुनी. उन्होंने तुरंत सुब्रमण्या पुलिस को इसकी सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे.
पुलिस और स्थानीय लोगों ने बचाई जान
पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से महिला को नदी से बाहर निकाला और सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया. इसके बाद उसे नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया.पुलिस ने महिला के परिजनों से संपर्क किया. काउंसलिंग के बाद उसे परिवार के सदस्यों के साथ घर भेज दिया गया. पुलिस के मुताबिक, इस मामले में अभी तक कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है.
परिवार की अपील पर पहचान रखी गई गुप्त
पुलिस ने महिला की पहचान सार्वजनिक नहीं की है. परिवार के अनुरोध पर उसकी जानकारी गोपनीय रखी गई है. फिलहाल महिला सुरक्षित है और उसे जरूरी चिकित्सा सहायता दी गई है.
आत्महत्या के बारे में बात करना कुछ लोगों के लिए परेशान करने वाला हो सकता है. अगर आपको मदद की ज़रूरत है, या आप किसी ऐसे व्यक्ति को जानते हैं जिसे मदद की ज़रूरत है तो कृपया अपने नज़दीकी मेंटल हेल्थ स्पेशलिस्ट (मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ) से संपर्क करें.
हेल्पलाइन: आसरा: 022 2754 6669; स्नेहा इंडिया फाउंडेशन: +914424640050 और संजीवनी: 011-24311918; रोशनी फाउंडेशन (सिकंदराबाद) संपर्क नंबर: 040-66202001, 040-66202000; वन लाइफ: संपर्क नंबर: 78930 78930; सेवा: संपर्क नंबर: 09441778290