Ramgarh Fire: रामगढ़ जिले के बरकाकाना-हेहल स्थित मां छिन्नमस्तिका इस्पात प्लांट में शुक्रवार देर रात बड़ा हादसा हो गया. प्लांट में भीषण आग लग गई. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया, जिसके बाद पूरे प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई.
कंट्रोल रूम में लगी भीषण आग
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार देर रात प्लांट के मुख्य कंट्रोल रूम में अचानक आग लग गई. आग की लपटें और घना धुआं उठता देख प्लांट में मौजूद कर्मचारियों और मजदूरों में हड़कंप मच गया. आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में कंट्रोल रूम का बड़ा हिस्सा इसकी चपेट में आ गया. हादसे में 3 लोगों की मौत होने की सूचना सामने आ रही है. हालांकि, मृतकों की संख्या और उनकी पहचान को लेकर फिलहाल आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित अधिकारियों और राहत-बचाव दल को सूचना दी गई. बरकाकाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. आग पर काबू पाने के लिए राहत और बचाव कार्य चलाया गया. हादसे के बाद प्लांट के प्रभावित हिस्से में सुरक्षा के मद्देनजर गतिविधियां रोक दी गई हैं.
आग कैसे लगी, जांच जारी
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है. शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी समेत कई संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है. पुलिस और प्लांट प्रबंधन घटना की पूरी जानकारी जुटाने में लगे हैं. अधिकारियों की जांच और राहत-बचाव अभियान पूरा होने के बाद ही हादसे में हुए वास्तविक जान-माल के नुकसान की स्थिति पूरी तरह साफ हो पाएगी.