Imran Khan ex-wife Jemima second marriage: पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पूर्व पत्नी जेमिमा गोल्डस्मिथ ने दूसरी शादी कर ली है. 52 वर्षीय फिल्म प्रोड्यूसर जेमिमा ने आयरिश-ऑस्ट्रेलियाई फाइनेंसर कैमरन ओ’रेली के साथ शादी की है. दोनों एक-दूसरे को लंबे समय से जानते हैं और करीब एक साल से रिश्ते में थे. खास बात यह है कि शादी से पहले दोनों ने अपने रिश्ते को काफी हद तक निजी रखा.
फिल्मों और डॉक्यूमेंट्री के काम के दौरान हुई थी मुलाकात
जेमिमा और कैमरन ओ’रेली की मुलाकात फिल्मों और डॉक्यूमेंट्री से जुड़े काम के दौरान हुई थी. रिपोर्ट के मुताबिक, शुरुआत में दोनों के बीच दोस्ती हुई और धीरे-धीरे यह रिश्ता आगे बढ़ा. कैमरन अपनी निजी जिंदगी को सार्वजनिक चर्चा से दूर रखना पसंद करते हैं और जेमिमा ने भी उनके साथ अपने रिश्ते को लंबे समय तक निजी रखा. शादी के मौके पर दोनों के परिवार के कई करीबी सदस्य मौजूद रहे. जेमिमा के भाई बेन गोल्डस्मिथ ने भी शादी की पुष्टि की है. बेन की पत्नी जेमिमा जोन्स ने सोशल मीडिया पर खुशी जाहिर करते हुए लिखा, ‘कितनी खुशी का दिन है.
कौन हैं कैमरन ओ’रेली?
कैमरन ओ’रेली 62 साल के हैं. वह दिवंगत मीडिया कारोबारी और पूर्व इंटरनेशनल रग्बी खिलाड़ी सर एंथनी ओ’रेली के बेटे हैं. ऑक्सफोर्ड से पढ़ाई पूरी करने के बाद कैमरन ने करीब एक दशक तक अपने पिता के मीडिया कारोबार में काम किया. इसके बाद उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की एपीएन न्यूज एंड मीडिया में भी जिम्मेदारी संभाली. कैमरन ने 2003 में बेयार्ड कैपिटल नाम की प्राइवेट इक्विटी फर्म शुरू की थी. इसके जरिए उन्होंने स्विट्जरलैंड की मीटरिंग कंपनी लैंडिस+जीवाईआर का अधिग्रहण किया. कंपनी के CEO के तौर पर काम करने के बाद उन्होंने 2011 में इसे Toshiba को करीब 2.3 अरब डॉलर में बेच दिया.
इमरान खान से 1995 में हुई थी जेमिमा की शादी
जेमिमा गोल्डस्मिथ और इमरान खान की शादी साल 1995 में हुई थी. दोनों का रिश्ता करीब नौ साल चला और 2004 में उन्होंने अलग होने का फैसला किया. इसके बाद 2005 में उनका तलाक आधिकारिक रूप से हो गया. दोनों के दो बेटे हैं, सुलेमान और कासिम. इमरान खान से अलग होने के बाद जेमिमा का नाम ब्रिटिश मनोरंजन जगत की कई चर्चित हस्तियों के साथ भी जुड़ा. हालांकि, कैमरन ओ’रेली के साथ उनका रिश्ता सार्वजनिक होने से पहले दोनों ने इसे काफी हद तक निजी ही रखा.
कैमरन के चार बच्चे, जेमिमा के दो बेटे
जेमिमा और कैमरन दोनों पहले से पारिवारिक जिम्मेदारियों से जुड़े हुए हैं. कैमरन ओ’रेली के चार बच्चे हैं, जबकि जेमिमा के इमरान खान से दो बेटे सुलेमान और कासिम हैं. शादी के मौके पर परिवार के करीबी लोगों की मौजूदगी ने इस निजी समारोह को खास बनाया.
इमरान खान जेल में, जेमिमा लगातार उठाती रही हैं रिहाई की मांग
जेमिमा की दूसरी शादी ऐसे समय हुई है जब उनके पूर्व पति इमरान खान लंबे समय से जेल में बंद हैं. इमरान को 2023 में भ्रष्टाचार के मामलों में जेल भेजा गया था. वह इन आरोपों को खारिज करते रहे हैं और मामलों को राजनीतिक रूप से प्रेरित बताते रहे हैं. हाल के दिनों में इमरान खान की सेहत को लेकर भी चिंता जताई गई है. उनके वकीलों ने जेल में उनकी बिगड़ती हालत का मुद्दा उठाया था. रिपोर्ट्स के मुताबिक, खून का थक्का बनने के कारण उनकी दाहिनी आंख की रोशनी भी बुरी तरह प्रभावित हुई है. जेमिमा गोल्डस्मिथ लगातार इमरान खान की रिहाई की मांग करती रही हैं. उनके दोनों बेटे सुलेमान और कासिम भी अपने पिता के मामले को ब्रिटेन में उठाते रहे हैं और ब्रिटिश सरकार से इस मामले में अधिक सक्रिय भूमिका निभाने की अपील कर चुके हैं.