Union Bank Apprentice Result 2026 Declared: यूनियन बैंक ऑफ इंडिया (UBI) ने अप्रेंटिस भर्ती 2026 के लिए आयोजित ऑनलाइन लिखित परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है. जिन उम्मीदवारों ने 7 जुलाई 2026 को आयोजित परीक्षा में हिस्सा लिया था, वे अब बैंक की आधिकारिक वेबसाइट unionbankofindia.bank.in पर जाकर अपना रिजल्ट देख सकते हैं. बैंक ने चयनित उम्मीदवारों की सूची PDF फॉर्मेट में जारी की है, जिसमें प्रोविजनल रूप से चयनित अभ्यर्थियों के रोल नंबर शामिल हैं.
बैंक के अनुसार, प्री-एंगेजमेंट प्रक्रिया से जुड़ी रिपोर्टिंग की तारीख, स्थान और अन्य जरूरी निर्देश केवल चयनित उम्मीदवारों की रजिस्टर्ड ईमेल आईडी पर भेजे जाएंगे.
प्रोविजनल चयन के बाद भी पूरी करनी होंगी ये औपचारिकताएं
UBI ने स्पष्ट किया है कि यह चयन पूरी तरह अस्थायी (Provisional) है. अंतिम नियुक्ति तभी होगी जब उम्मीदवार भर्ती अधिसूचना में निर्धारित सभी पात्रता शर्तों को पूरा करेंगे और दस्तावेजों का सफल सत्यापन हो जाएगा. इसके अलावा जहां आवश्यक होगा, वहां उम्मीदवारों को स्थानीय भाषा दक्षता परीक्षा भी पास करनी होगी. मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र जमा करना भी अंतिम चयन की अनिवार्य शर्तों में शामिल है.
रिपोर्टिंग के समय साथ रखें ये जरूरी दस्तावेज
प्री-एंगेजमेंट प्रक्रिया के दौरान उम्मीदवारों को कई महत्वपूर्ण दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे. इनमें पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड, PAN कार्ड, स्थायी और पत्राचार पते का प्रमाण, 10वीं और स्नातक की मूल मार्कशीट एवं प्रमाणपत्र, NATS प्रोफाइल की प्रिंट कॉपी और मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट शामिल हैं.
आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को वैध जाति प्रमाणपत्र, EWS अभ्यर्थियों को संबंधित प्रमाणपत्र तथा PwD उम्मीदवारों को दिव्यांगता प्रमाणपत्र भी साथ लाना होगा. सभी दस्तावेजों की स्व-सत्यापित फोटोकॉपी भी जमा करनी होगी.
ऐसे करें Union Bank Apprentice Result 2026 डाउनलोड
रिजल्ट देखने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं. इसके बाद Career या Recruitment सेक्शन में उपलब्ध Apprentice Recruitment 2026 Result लिंक पर क्लिक करें. PDF खुलने के बाद उसमें अपना रोल नंबर सर्च करें. भविष्य की जरूरत के लिए रिजल्ट PDF डाउनलोड कर सुरक्षित रखना बेहतर रहेगा.
नहीं होगा अलग से कोई सूचना पत्र
बैंक ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिन उम्मीदवारों का चयन नहीं हुआ है, उन्हें अलग से कोई सूचना नहीं भेजी जाएगी. साथ ही बैंक ने कहा है कि परिणाम तैयार करने में पूरी सावधानी बरती गई है, लेकिन यदि किसी प्रकार की त्रुटि सामने आती है तो उसे सुधारने का अधिकार बैंक के पास सुरक्षित रहेगा. चयन प्रक्रिया से संबंधित बैंक का निर्णय अंतिम और सभी उम्मीदवारों पर बाध्यकारी होगा.