Paltan Bazaar fight: पलटन बाजार में मामूली विवाद के बाद ग्राहक और चाय विक्रेता के बीच जमकर मारपीट हो गई. देखते ही देखते कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया. आरोप है कि एक ग्राहक ने चाय विक्रेता पर हेलमेट से हमला कर दिया. इसके जवाब में चाय विक्रेता ने भी उस पर उबलती हुई गर्म चाय से भरा बर्तन फेंक दिया. अचानक हुई इस घटना से बाजार में हड़कंप मच गया.
हेलमेट से चाय विक्रेता पर किया हमला
जानकारी के मुताबिक, पलटन बाजार में किसी बात को लेकर ग्राहक और चाय विक्रेता के बीच विवाद शुरू हुआ था. शुरुआत में दोनों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला हाथापाई तक पहुंच गया. आरोप है कि ग्राहक ने अपना आपा खोते हुए हेलमेट से चाय विक्रेता पर हमला कर दिया और उसकी पिटाई शुरू कर दी.
जवाब में विक्रेता ने फेंका खौलती चाय का बर्तन
हमले के बाद चाय विक्रेता ने भी जवाबी कार्रवाई की. उसने दुकान पर मौजूद उबलती हुई गर्म चाय से भरा बर्तन ग्राहक की तरफ फेंक दिया. इस तरह मामूली विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया. घटना के दौरान वहां मौजूद लोगों में भी अफरा-तफरी मच गई.