India vs Nepal Under 19: एसीसी मेंस अंडर-19 एशिया कप 2026 में भारतीय टीम ने जीत के साथ अपने अभियान को आगे बढ़ाया है. शुक्रवार (6 नवंबर) को अल अमेरात में खेले गए मुकाबले में भारत ने नेपाल को 10 विकेट से हरा दिया. नेपाल की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 128 रन पर सिमट गई थी. इसके जवाब में भारतीय टीम ने बिना कोई विकेट गंवाए 19.1 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया. भारत की इस जीत के हीरो पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग रहे. उन्होंने कप्तान लक्ष्य रायचंदानी के साथ मिलकर शानदार बल्लेबाजी की और टीम को आसान जीत दिलाई. अब भारतीय टीम का अगला मुकाबला 8 नवंबर को पाकिस्तान से होगा.
आर्यवीर सहवाग ने 34 गेंदों में जड़ी फिफ्टी
129 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को आर्यवीर सहवाग और कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने शानदार शुरुआत दिलाई. आर्यवीर ने शुरुआत में संभलकर बल्लेबाजी की और क्रीज पर नजरें जमाने के बाद बड़े शॉट खेलने शुरू कर दिए. उन्होंने 52 गेंदों पर नाबाद 70 रन बनाए. अपनी पारी में आर्यवीर ने सात चौके और चार छक्के लगाए.आर्यवीर ने 34 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया. उन्होंने अभय यादव की गेंद पर छक्का लगाकर 50 रन का आंकड़ा पार किया. दूसरी ओर कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने भी उनका अच्छा साथ दिया. लक्ष्य ने 63 गेंदों पर नाबाद 53 रन बनाए, जिसमें सात चौके शामिल रहे. दोनों बल्लेबाजों ने मिलकर भारत को 19.1 ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए जीत दिला दी.
नेपाल की टीम 128 रन पर हुई ऑलआउट
इससे पहले टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी नेपाल की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने ज्यादा देर टिक नहीं सकी. पूरी टीम 42.3 ओवर में 128 रन बनाकर ऑलआउट हो गई. नेपाल की ओर से दर्श सोनार ने सबसे ज्यादा 43 रन बनाए. उन्होंने 93 गेंदों की पारी में एक चौका और एक छक्का लगाया. वहीं आशीष लुहार ने 45 गेंदों पर 29 रन बनाए, जिसमें चार चौके शामिल रहे. दर्श सोनार और आशीष लुहार के बीच पांचवें विकेट के लिए 45 रनों की साझेदारी हुई. इनके अलावा सलामी बल्लेबाज नीरज कुमार यादव ने 48 गेंदों पर 20 रन बनाए. नेपाल के बाकी बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे.
ईशान सूद और अर्जुन राजपूत ने झटके 3-3 विकेट
भारत की ओर से गेंदबाजी में ईशान सूद और अर्जुन राजपूत ने शानदार प्रदर्शन किया. दोनों ने तीन-तीन विकेट अपने नाम किए. ईशान सूद ने 10 ओवर में 18 रन देकर तीन बल्लेबाजों को आउट किया. वहीं अर्जुन राजपूत ने 5.3 ओवर में आठ रन देकर तीन विकेट हासिल किए. यशवीर गौड़ ने दो विकेट झटके, जबकि मनाल चौहान और काव्या पटेल को एक-एक सफलता मिली. भारतीय गेंदबाजों के इस प्रदर्शन ने नेपाल की टीम को 128 रनों पर रोकने में अहम भूमिका निभाई.
8 नवंबर को पाकिस्तान से होगी भारत की भिड़ंत
अंडर-19 एशिया कप 2026 में कुल आठ टीमों को दो ग्रुप में बांटा गया है. ग्रुप-ए में भारत, पाकिस्तान, नेपाल और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की टीमें शामिल हैं. वहीं ग्रुप-बी में बांग्लादेश, श्रीलंका, अफगानिस्तान और मलेशिया को जगह मिली है. दोनों ग्रुप की शीर्ष दो-दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी. भारतीय टीम का अगला मुकाबला 8 नवंबर को पाकिस्तान से होगा. इसके बाद 10 नवंबर को भारत की भिड़ंत संयुक्त अरब अमीरात से होगी. टूर्नामेंट के सेमीफाइनल मुकाबले 12 नवंबर को खेले जाएंगे, जबकि फाइनल 14 नवंबर को आयोजित होगा.