Beetroot Radish Pickle: भारतीय खाने की थाली में अचार की अपनी खास जगह है. दाल-चावल हो या पराठे, अचार का थोड़ा सा खट्टा-तीखा स्वाद साधारण खाने को भी मजेदार बना देता है. आम और मिर्च का अचार तो लगभग हर घर में बनाया जाता है, लेकिन अगर इस बार कुछ अलग और नया ट्राई करना चाहते हैं तो चुकंदर और मूली का मिक्स अचार बनाया जा सकता है. यह अचार स्वाद में तीखा-चटपटा होने के साथ क्रंची भी लगता है और खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए न तो कई दिनों तक धूप में रखने की जरूरत है और न ही लंबी तैयारी करनी पड़ती है. राई, सौंफ, मेथी दाना और कलौंजी जैसे मसालों के साथ तैयार होने वाला यह इंस्टेंट अचार करीब 10-15 मिनट में तैयार किया जा सकता है. इसे सादे दाल-चावल, पराठे या किसी भी रोजमर्रा के खाने के साथ परोसा जा सकता है.
चुकंदर-मूली के अचार के लिए चाहिए ये चीजें
इस इंस्टेंट अचार को बनाने के लिए 1 बड़ा चुकंदर और 1 बड़ी मूली लें. दोनों को लंबे और पतले टुकड़ों में काट लें. इसके अलावा 4-5 हरी मिर्च, लंबाई में चीरी हुई, 1 इंच अदरक के लंबे लच्छे, 2 बड़े चम्मच दरदरी पिसी पीली या काली राई, 1 बड़ा चम्मच दरदरी पिसी सौंफ, आधा छोटा चम्मच दरदरा पिसा मेथी दाना और आधा छोटा चम्मच कलौंजी लें. मसालों में आधा छोटा चम्मच हल्दी पाउडर, 1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर या कश्मीरी मिर्च, 1 बड़ा चम्मच अमचूर पाउडर या नींबू का रस, स्वादानुसार काला और सफेद नमक, एक चौथाई छोटा चम्मच हींग और 3-4 बड़े चम्मच सरसों का तेल चाहिए.
सबसे पहले मूली और चुकंदर को अच्छी तरह सुखाएं
अचार बनाने के लिए मूली और चुकंदर को धोकर साफ सूती कपड़े पर करीब 15-20 मिनट के लिए फैला दें. ध्यान रखें कि सब्जियों की ऊपरी नमी अच्छी तरह सूख जाए. अचार बनाते समय सब्जियों में ज्यादा नमी रहने से वह जल्दी खराब हो सकता है, इसलिए इस स्टेप को नजरअंदाज न करें. इसके बाद एक बड़े बाउल में कटी हुई मूली, चुकंदर, हरी मिर्च और अदरक के लच्छे डालें. अब इसमें दरदरी पिसी राई, सौंफ, मेथी दाना, कलौंजी, हल्दी, लाल मिर्च, हींग, अमचूर पाउडर और दोनों तरह का नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें.
सरसों के तेल का तड़का देगा असली अचार वाला स्वाद
अब एक छोटी कढ़ाई या पैन में सरसों का तेल गर्म करें. तेल को तब तक गर्म करें जब तक उसमें से धुआं निकलने लगे. इसके बाद गैस बंद कर दें और तेल को हल्का गुनगुना होने दें. जब तेल हल्का गुनगुना रह जाए तो इसे तैयार मसालों और सब्जियों के ऊपर डाल दें. कड़छी की मदद से सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाएं, ताकि राई और बाकी मसालों की कोटिंग मूली और चुकंदर के हर टुकड़े पर अच्छी तरह चढ़ जाए.
1-2 घंटे में मसालों का स्वाद सब्जियों में उतर जाएगा
मसाले और तेल अच्छी तरह मिलाने के बाद अचार को ढककर करीब 1-2 घंटे के लिए रख दें. इस दौरान राई और दूसरे मसालों का खट्टा-तीखा स्वाद मूली और चुकंदर में अच्छी तरह समा जाएगा. इसके बाद आपका चटपटा इंस्टेंट चुकंदर-मूली अचार तैयार है. इसे साफ और सूखे कांच के जार में भरकर फ्रिज में रखें. दिए गए तरीके के अनुसार यह अचार करीब 15-20 दिनों तक फ्रेश और क्रंची रह सकता है.
दाल-चावल से लेकर पराठे तक के साथ करें सर्व
चुकंदर और मूली का यह अचार रोज के खाने का स्वाद बढ़ाने के लिए अच्छा विकल्प हो सकता है. इसका खट्टा, तीखा और मसालेदार स्वाद सादे दाल-चावल, पराठे और दूसरे रोजमर्रा के खाने के साथ परोसा जा सकता है. आम या मिर्च के अचार से अलग कुछ बनाना चाहते हैं तो यह झटपट रेसिपी ट्राई की जा सकती है.