Hema Malini: धर्मेंद्र से प्यार, जितेंद्र से शादी की चर्चा और संजीव कुमार का रिश्ता… फिल्मों में भी संघर्ष भरी रही ड्रीम गर्ल की जिंदगी
Hema Malini: बॉलीवुड की ‘ड्रीम गर्ल’ हेमा मालिनी की जिंदगी में शोहरत, मोहब्बत, विवाद और कामयाबी के कई रंग देखने को मिले. पर्दे पर अपनी खूबसूरती और शानदार अदाकारी से लाखों दिल जीतने वाली हेमा की असल जिंदगी भी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं रही. कभी धर्मेंद्र के साथ उनकी प्रेम कहानी ने सुर्खियां बटोरीं, तो कभी जितेंद्र और संजीव कुमार के साथ उनके नाम जुड़ने की चर्चाएं हुईं. फिल्मों में अपनी अलग पहचान बनाने के बाद उन्होंने राजनीति में भी कदम रखा और एक लंबा सफर तय किया.
डांस से शुरू हुआ सफर
16 अक्टूबर 1948 को तमिलनाडु में जन्मीं हेमा मालिनी को बचपन से ही डांस का शौक था. उनकी मां जया चक्रवर्ती ने बेटी के इस हुनर को पहचाना और उसे आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई. भरतनाट्यम की ट्रेनिंग ने हेमा को एक अलग पहचान दी. साल 1968 में फिल्म सपनों का सौदागर से उन्होंने हिंदी सिनेमा में कदम रखा. शुरुआत भले ही आसान नहीं रही लेकिन जल्द ही उनकी खूबसूरती और अभिनय ने दर्शकों का ध्यान खींच लिया. इसके बाद वे लगातार आगे बढ़ती रहीं. उन्होंने सीता और गीता, शोले और ड्रीम गर्ल जैसी फिल्मों ने उन्हें हिंदी सिनेमा की बड़ी अभिनेत्रियों में शामिल कर दिया.
हेमा मालिनी की लव लाइफ
हेमा मालिनी की लव लाइफ हमेशा चर्चा में रहीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, संजीव कुमार उन्हें पसंद करते थे और उनसे शादी करना चाहते थे लेकिन रिश्ता आगे नहीं बढ़ पाया. कहा जाता है कि संजीव कुमार का कहना था कि हेमा शादी के बाद फिल्मों में काम नहीं कर सकतीं लेकिन हेमा ने मना कर दिया जिसके कारण ये शादी नहीं हो सकी. वहीं, जितेंद्र के साथ भी उनकी शादी की चर्चा हुई थी. कहा जाता है कि दोनों परिवार इस रिश्ते के लिए तैयार थे लेकिन आखिरी समय में बात बदल गई.
धर्मेंद्र से प्यार और शादी
आखिरकार हेमा और धर्मेंद्र का प्यार शादी तक पहुंचा. धर्मेंद्र पहले से शादीशुदा थे और उनकी पहली पत्नी प्रकाश कौर से चार बच्चे थे. ऐसे में 2 मई 1980 को हुई उनकी शादी लंबे समय तक चर्चा और विवाद का विषय बनी रही. दोनों ने अपनी जिंदगी पर विवादों का असर नहीं पड़ने दिया.
हेमा मालिनी का परिवार
धर्मेंद्र से शादी के बाद हेमा मालिनी दो बेटियों ईशा देओल और अहाना देओल की मां बनींय ईशा ने फिल्मों में करियर बनाया. वहीं अहाना ने शास्त्रीय नृत्य में रुचि दिखाई. हेमा ने अभिनय के साथ अपने नृत्य से भी जुड़ाव बनाए रखा.
फिल्मों से संसद तक का सफर
हेमा मालिनी ने सिर्फ सिनेमा में ही नहीं, राजनीति में भी अपनी पहचान बनाई. वह 2004 में बीजेपी से जुड़ीं और बाद में राज्यसभा पहुंचीं. साल 2014 में उन्होंने मथुरा लोकसभा सीट से चुनाव जीता और 2019 तथा 2024 में भी यहां से सांसद चुनी गईं. उनकी मां ने राजनीति में आगे बढ़ने के लिए उनका हौसला बढ़ाया. हेमा के मुताबिक धर्मेंद्र शुरुआत में उनके इस फैसले को लेकर चिंतित थे.