Bihar Crime News: बिहार के गोपालगंज में 12 साल की एक स्कूली छात्रा की मौत के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए. बच्ची का शव मिलने से परिवार और गांव के लोग गहरे सदमे में आ गए. गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने ऐसा कदम उठाया, जिससे पूरे इलाके में हलचल मच गई. वे छात्रा के शव को लेकर आरोपी के घर के बाहर पहुंचे और मुख्य दरवाजे के सामने ही उसकी चिता जला दी. घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है.
यह मामला गोपालगंज के थावे थाना क्षेत्र के खानपुर अजमत गांव का बताया जा रहा है. मृत छात्रा की पहचान संजना कुमारी के रूप में हुई है. उसके पिता पवन कुमार सिंह विदेश में काम करते हैं. परिवार के मुताबिक, 12 अक्टूबर को संजना अपने घर के बाहर मवेशियों को चारा खिला रही थी. इसी दौरान पड़ोस के घर में मौजूद एक बुजुर्ग महिला ने उससे दुकान से साबुन लाने को कहा. परिजनों का कहना है कि इसके बाद बच्ची अचानक लापता हो गई.
दो दिन तलाश के बाद मिला शव
संजना के गायब होने के बाद परिवार ने अपने स्तर पर उसकी तलाश शुरू की. काफी खोजबीन के बावजूद जब बच्ची का पता नहीं चला, तो परिजनों ने पुलिस से संपर्क किया. पुलिस भी उसकी तलाश में जुट गई. 14 अक्तूबर, बुधवार को गांव में एक पुराने मकान के पीछे छात्रा का शव मिला. शव बरामद होते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव के लोग भी घटनास्थल पर जुटने लगे. परिजनों ने पड़ोस में रहने वाले राजदेव सिंह के परिवार पर बच्ची को घर में रोककर रखने और उसकी हत्या किए जाने का आरोप लगाया है. हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और फिर उसे परिवार को सौंप दिया.
पुलिस की जांच जारी
बच्ची की मौत से नाराज परिजन शव लेकर कथित आरोपी के घर पहुंचे और वहीं चिता जला दी. इस घटनाक्रम के बाद गांव में तनाव बढ़ गया. स्थिति को संभालने के लिए कई थानों की पुलिस तैनात की गई है. एसडीपीओ चंदन कुमार के मुताबिक, मामले में दो लोगों को पहले ही हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही थी. बाद में दो महिलाओं को भी हिरासत में लिया गया. पुलिस फिलहाल मामले के हर पहलू की जांच कर रही है.
ये भी पढ़ें: UP Crime: मुस्कान के बाद अब रविता और प्रेमी को फांसी, पति की हत्या कर शव के पास छोड़ा सांप!