हॉलीवुड से बॉलीवुड का सफर, अमेरिका से मुंबई पहुंचने की अनोखी कहानी, ‘नीरजा’ से बदली किस्मत और…
Jim Sarbh Birthday: बॉलीवुड में कई ऐसे एक्टर हैं, जिनकी पहचान किसी फिल्म से नहीं बल्कि उनकी एक्टिंग के दम पर बनी है. जिम सर्भ भी उन्हीं कलाकारों में से एक हैं. उन्होंने अपनी दमदार आवाज और अलग अंदाज से हर किरदार में जान डाली है. वे हर किरदार में पूरी तरह ढल जाने की कला रखते हैं, जिससे उन्होंने इंडस्ट्री में खास जगह बनाई है. 27 अगस्त को मुंबई में जन्मे जिम सर्भ आज अपना 39वां जन्मदिन मना रहे हैं. हालांकि बहुत कम लोग जानते हैं कि वे अमेरिका से पढ़ाई पूरी करने के बाद मुंबई लौटकर फिल्मों तक पहुंचने की उनकी कहानी काफी दिलचस्प रही है.
ऑस्ट्रेलिया से अमेरिका तक रहा बचपन
जिम सर्भ का जन्म 27 अगस्त 1987 को मुंबई में एक पारसी परिवार में हुआ था. उनके पिता मर्चेंट नेवी में थे. इसके कारण उनके बचपन का एक हिस्सा ऑस्ट्रेलिया में बीता. जब जिम करीब तीन साल के थे, तब उनका परिवार ऑस्ट्रेलिया चला गया. लगभग आठ साल की उम्र में वह वापस मुंबई लौटे. मुंबई में स्कूली पढ़ाई पूरी करने के बाद जिम अमेरिका चले गए. उन्होंने अटलांटा की एमोरी यूनिवर्सिटी (Emory University) से साइकोलॉजी की पढ़ाई की. कॉलेज के दौरान ही उनका थिएटर के प्रति लगाव बढ़ने लगा. अमेरिका में उन्होंने थिएटर प्रोडक्शंस में काम किया और एक्टिंग में करियर बनाने का फैसला लिया.
अमेरिका में थिएटर के बाद मुंबई वापसी
अमेरिका में पढ़ाई पूरी करने के बाद जिम ने एटलांटा (Atlanta) के अलायंस थिएटर (Alliance Theatre) में भी काम किया. वह वहां साहित्यिक इंटर्न रहे और थिएटर प्रोडक्शंस में एक्टिंग की. इसके बाद उन्होंने भारत वापस लौटने का फैसला किया. भारत आकर उन्होंने कुछ समय बिहार के एक आश्रम में बिताया. इसके बाद वे काफी समय तक हिमालय में घूमते रहे. एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि वह खुद को और जिंदगी को समझने के लिए इस तरह का ब्रेक लेना चाहते थे लेकिन इसी दौरान उन्हें एहसास हुआ कि अगर उन्होंने जिंदगी में एक्टिंग नहीं की, तो उन्हें अफसोस रह जाएगा.
हिमाचल में मिला थिएटर रोल
जिम की जिंदगी में एक दिलचस्प मोड़ हिमाचल प्रदेश में आया. वे धरमकोट (Dharamkot) में थे, तभी उन्हें एक प्ले में छोटा सा रोल ऑफर हुआ. इसके बाद वह धीरे-धीरे दोबारा थिएटर की दुनिया में लौट आए. मुंबई वापस आने के बाद उन्होंने थिएटर को ही अपना आधार बनाया. थिएटर में उन्होंने डेथ ऑप सेल्समैन, द ग्लास मिनेजरी, द मर्जेंट ऑफ वेनिस और द लिविंग रूम जैसे तमाम नामी नाटकों में काम किया. इस दौरान उन्होंने कई नाटक लिखे और डायरेक्ट भी किए थे.
बार-बार हुए रिजेक्ट
मुंबई में थिएटर करते हुए जिम फिल्मों में आने की कोशिश भी कर रहे थे. हालांकि शुरुआती सफर उनके लिए आसानन नहीं था. उन्होंने लगातार ऑडिशन दिए और कई बार रिजेक्शन का सामना करना पड़ा. एक इंटरव्यू में जिम ने बताया था कि मुंबई लौटने के बाद लगभग चार साल तक उन्होंने कई ऑडिशन दिए लेकिन हर बार उनके हाथ केवल रिजेक्शन लगा लेकिन वे टूटे नहीं. फिर साल 2016 में उनकी किस्मत ने ऐसी करवट ली जिसने उन्हें रातों-रात पहचान दिला दी.
नीरजा से बदली जिंदगी
राम माधवानी की फिल्म 'नीरजा' में जिम सर्भ को काम मिला और ये उनके करियर का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट बनी. फिल्म में उन्होंने आतंकवादी खलील का किरदार निभाया था. सोनम कपूर स्टारर इस फिल्म में जिम का किरदार काफी खतरनाक था, जिसे देखकर डर का माहौल हो जाता है. जिम ने इस भूमिका में ऐसी जान डाल दी कि दर्शकों के बीच उनका नाम चर्चा में आ गया. फिल्म में उनकी परफॉर्मेंस को काफी पसंद किया गया. इस फिल्म से वे थिएटर एक्टर से बॉलीवुड के चर्चित एक्टर बन गए.
'पद्मावत' से 'संजू' तक दिखाया दम
'नीरजा' के बाद जिम ने खुद को सिर्फ विलेन या नेगेटिव किरदारों तक सीमित नहीं रखा. वह 'राब्ता', 'पद्मावत' और 'संजू' जैसी फिल्मों में नजर आए. 'पद्मावत' में उन्होंने मलिक काफूर का किरदार निभाया था. वहीं 'संजू' में उन्होंने जुबिन मिस्त्री का किरदार निभाया था.
फिल्मों के साथ OTT में भी बनाई पहचान
जिम सर्भ ने फिल्मों के साथ-साथ वेब सीरीज में भी शानदार काम किया. इसके अलावा वे रॉकेट बॉयज में नजर आए थे, जहां उन्होंने वैज्ञानिक होमी जहांगीर भाभा का किरदार निभाया. उनके इस किरदार को काफी पसंद किया गया. इसके अलावा हाल ही में वे 'मेड इन इंडिया: अ टाइटन स्टोरी' में नजर आए, जहां उन्होंने पूर्व एमडी जेरक्सेस देसाई का किरदार निभाया.