पूर्व भारतीय क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे ने एमएस धोनी की कप्तानी और उनके व्यवहार से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा शेयर किया है. रहाणे ने बताया कि विदेशी दौरों के दौरान धोनी का होटल का कमरा लगभग हमेशा टीम के खिलाड़ियों के लिए खुला रहता था. वहां खिलाड़ी खाली समय में बैठकर बातें करते, हंसी-मजाक करते और मोबाइल या वीडियो गेम खेलकर मैच के दबाव से खुद को दूर रखते थे.
रहाणे ने यह भी बकाया रि धोनी का कमरा टीम का मीटिंग रुम बन जाता था. कई बार एक साथ 10 से 15 खिलाड़ी, बल्कि पूरी टीम भी वहां मौजूद रहती थी. उन्होंने कहा कि धोनी का स्वभाव बेहद शांत और सरल था. वह हर खिलाड़ी को अपने जैसा ही मानते थे और युवा खिलाड़ियों को भी खुलकर समय देते थे, जिससे टीम के अंदर अपनापन और भरोसा बढ़ता था.
धोनी के कमरे का एक नियम सभी को मानना पड़ता था
अजिंक्य रहाणे ने ओवरलैप क्रिकेट के यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान बताया कि धोनी के कमरे में आने-जाने पर कभी कोई रोक नहीं थी. लेकिन एक नियम ऐसा था जिसे पूरी टीम बिना किसी सवाल के मानती थी. रहाणे ने कहा, “धोनी का कमरा लगभग हमेशा खुला रहता था, लेकिन जब उनका दरवाजा बंद होता था, तब किसी भी खिलाड़ी को अंदर जाने की अनुमति नहीं होती थी.” टीम का हर सदस्य इस नियम का सम्मान करता था.
धोनी का भविष्य अब भी साफ नहीं
इस बीच, एमएस धोनी का प्रोफेशनल क्रिकेट भविष्य अभी भी साफ नहीं है. पैर की चोट के कारण वह आईपीएल 2026 के पूरे सीजन से बाहर रहे और एक भी मुकाबला नहीं खेल सके. उन्होंने अब तक अगले सीजन में वापसी को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है. वहीं, अजिंक्य रहाणे ने हाल ही में इंटरनेशनल क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास का ऐलान कर दिया. उन्होंने भारत के लिए 85 टेस्ट, 90 वनडे और 20 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले. उनका आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला जुलाई 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट मैच था.