Amethi Accident News: उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले के मुसाफिरखाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत पूरे काजिम अली गांव के पास बुधवार सुबह एक हृदयविदारक हादसे में 3 वर्षीय मासूम की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि मासूम अपने स्कूल के पहले दिन घर से निकला था, तभी तेज रफ्तार बस ने उसे कुचल दिया. घटना के बाद ग्रामीणों में जबरदस्त आक्रोश फैल गया, वहीं मौके पर पहुंची पुलिस लोगों को शांत कराने और आवश्यक कार्रवाई में जुटी रही.
खुशी-खुशी घर ने निकला था लाड़ला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पूरे काजिम अली निवासी मोहम्मद जमाल के पुत्र मोहम्मद उज्जैथ (3) को शहर के ग्रो विथ सक्सेस स्कूल में हाल ही में भर्ती कराया गया था. बुधवार सुबह वह खुशी खुशी तैयार होकर स्कूल जाने के लिए घर से निकला था. इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार और अनियंत्रित बस ने उसे अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी भीषण थी कि मासूम की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.
पुरानी रंजिश ने छीनी मासूम की सांसे
हादसे के बाद चालक बस को मौके पर छोड़कर फरार हो गया. घटना की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई और आक्रोश फैल गया. स्थिति को देखते हुए क्षेत्राधिकारी सहित भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया. पुलिस मौके पर पहुंचकर कानून व्यवस्था संभालने और जांच में जुट गई है. मृतक मासूम परिजनों ने बताया कि चालक से उनकी पुरानी खानदानी दुश्मनी है, जिसके चलते उसने जानबूझकर इस घटना को अंजाम दिया. बस चालक की पहचान मोहम्मद फैजान पुत्र मोहम्मद नौशाद के रूप में बताई जा रही है.
फरार ड्राइवर को पुलिस ने दबोचा
एसपी अमेठी ने बताया कि मौके से फरार ड्राइवर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार करने के बाद ब्रेथ एनालाइजर से की गई चेकिंग के उपरांत यह पता चला कि उसने शराब नहीं पी रखी है. परियों द्वारा लगाए गए शेष अन्य आरोपी की जांच की जा रही है. ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है. शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है.
Disclaimer: The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.