Bihar News: बिहार के बांका से सामने आई एक कहानी ने पूरे गांव को हैरान कर दिया है. यहां दो सहेलियों की दोस्ती कब प्यार में बदल गई, किसी को इसका अंदाजा तक नहीं हुआ. दोनों के घर आमने-सामने थे और पिछले लगभग एक साल से उनके बीच गहरी नजदीकियां थीं. रविवार को अचानक दोनों ने साथ रहने और एक-दूसरे का जीवनसाथी बनने का फैसला कर लिया. इसके बाद गांव में ऐसी चर्चा छिड़ी कि मामला देखते ही देखते पुलिस थाने तक पहुंच गया.
मामला बांका के बेलहर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है. कहा जा रहा है कि रविवार यानी 6 सितंबर को एक किशोरी अपनी पड़ोस में रहने वाली सहेली को अपने घर ले गई. इसके बाद दोनों ने आपस में शादी कर ली. दोनों ने एक-दूसरे के साथ पूरी जिंदगी बिताने का वादा किया. जब इसकी खबर गांव में फैली तो लोग बड़ी संख्या में वहां पहुंचने लगे. देखते ही देखते यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया.
एक साल से चल रहा रिश्ता
बताया जा रहा है कि दोनों किशोरियों की उम्र लगभग 17 साल है. दोनों एक-दूसरे के पड़ोस में रहती हैं और लंबे समय से एक-दूसरे को जानती हैं. धीरे-धीरे उनकी दोस्ती इतनी गहरी हो गई कि दोनों ने साथ जिंदगी बिताने का फैसला कर लिया. इनमें से एक किशोरी का रहन-सहन और पहनावा लड़कों जैसा बताया जाता है. वह छोटे बाल रखती है और आमतौर पर पैंट-शर्ट पहनती है. वह राजमिस्त्री के साथ मजदूरी और टेंट-डेकोरेशन जैसे काम भी करती है. अपनी कमाई से वह अपनी सहेली की पसंद और जरूरतों का ख्याल रखती थी. यही वजह थी कि दोनों के बीच बढ़ती नजदीकियों की चर्चा धीरे-धीरे गांव में होने लगी थी.
अपने फैसले पर अड़ी रहीं लड़कियां
रविवार को दोनों ने परिवार की जानकारी के बिना साथ रहने और शादी करने का फैसला कर लिया. मामला पुलिस तक पहुंचा तो बेलहर पुलिस दोनों किशोरियों को थाने ले आई. उनके परिवार वालों को भी बुलाया गया. पुलिस और परिवारवालों ने दोनों को समझाने की कोशिश की. हालांकि थाने में भी दोनों अपने फैसले पर अड़ी रहीं. खुद को ‘लड़का’ बताने वाली किशोरी ने कथित तौर पर साफ कहा कि वह अपनी सहेली को पत्नी के रूप में ही रखेगी. दोनों ने हर हाल में साथ रहने की इच्छा जताई. पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती है उनकी उम्र क्योंकि दोनों 17 साल है और वो नाबालिग हैं. वहीं उनके माता-पिता इस रिश्ते को नकार रहे हैं.
ये भी पढ़ें: Baghpat Accident: मृतकों को 2 लाख और घायलों को 50 हजार… बागपत हादसे में सीएम योगी ने आर्थिक मदद का किया एलान