Rajnandgaon Politics: महिला आरक्षण बिल को लेकर सियासत गरमा गई है. लोकसभा में बिल पास नहीं होने के बाद अब देशभर के साथ छत्तीसगढ़ में भी कांग्रेस और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं. एक ओर भाजपा कांग्रेस पर महिलाओं के हितों की अनदेखी का आरोप लगा रही है, तो वहीं कांग्रेस भाजपा पर महिला आरक्षण के नाम पर राजनीति करने और जनता को गुमराह करने की बात कह रही है.
इसी कड़ी में डोंगरगढ़ से कांग्रेस विधायक हर्षिता बघेल ने आज राजनांदगांव के स्थानीय रेस्ट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की. इस दौरान उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि महिला आरक्षण के मुद्दे पर भाजपा सिर्फ राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही है, जबकि जमीनी स्तर पर महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं.
महिला आरक्षण की आड़ में परिसीमन की तैयारी कर रही बीजेपी
विधायक बघेल ने यह भी कहा कि देश में कई राज्यों में चुनाव चल रहे हैं इसी बीच बीजेपी ने यह बिल लाने के लिए लोकसभा का विशेष सत्र बुलाया जबकि महिला आरक्षण की आड़ में बीजेपी परिसीमन करवाना चाहती थी वह भी वर्ष 2011 की जनगणना के आधार पर जबकि कांग्रेस सहित सभी विपक्षी दल आज के आधार पर महिला आरक्षण बिल पास करवाना चाहते हैं.
महिला आरक्षण बिल को जल्द लागू करने की मांग
विधायक ने आधी आबादी महिलाओं के साथ दोहरी राजनीति करने का आरोप लगाया है. विधायक ने आगे कहा कि कांग्रेस हमेशा से महिलाओं के अधिकार और सम्मान के लिए प्रतिबद्ध रही है और आगे भी इस दिशा में लगातार काम करती रहेगी. उन्होंने केंद्र सरकार से महिला आरक्षण बिल को गंभीरता से लेने और इसे जल्द लागू करने की मांग की.
Disclaimer: The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.